
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा कदम, मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने किया‘उन्नति ग्रीन कैफे’ का शुभारम्भ
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा कदम, मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने किया ‘उन्नति ग्रीन कैफे’ का शुभारम्भ
HIGHLIGHT
स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं बन रही हैं नए उत्तर प्रदेश की विकास शक्ति : श्री ए.के. शर्मा
महिला सशक्तिकरण और स्वरोजगार को मिलेगा नया आयाम, जौनपुर में शुरू हुआ ‘उन्नति ग्रीन कैफे’
लखनऊ,05 जून 2026: नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री तथा जनपद जौनपुर के प्रभारी मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विकास भवन परिसर, जौनपुर में “उन्नति ग्रीन कैफे” का शुभारम्भ किया।

मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन महिलाओं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रभावी माध्यम बना है। इसके माध्यम से महिलाओं को केवल आर्थिक सहायता ही नहीं, बल्कि कौशल विकास, प्रशिक्षण और उद्यम संचालन की आवश्यक जानकारी भी उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं आज रोजगार पाने वाली नहीं, बल्कि रोजगार देने वाली बन रही हैं।
उन्होंने कहा कि “उन्नति ग्रीन कैफे” जैसी पहलें महिला सशक्तिकरण के साथ-साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करेंगी। इससे समूह से जुड़ी महिलाओं को स्थायी आय का स्रोत प्राप्त होगा तथा आम नागरिकों को स्वच्छ, गुणवत्तापूर्ण एवं किफायती खाद्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। यह पहल आत्मनिर्भर भारत और आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्री शर्मा ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित कैफे का अवलोकन किया तथा उनके कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सफलता प्रदेश के विकास की सफलता है और सरकार उनके उत्थान के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करती रहेगी।
इस अवसर पर राज्यसभा सदस्य श्रीमती सीमा द्विवेदी, विधायक मड़ियाहूं डॉ. आर.के. पटेल, महाराष्ट्र सरकार के पूर्व गृह राज्य मंत्री श्री कृपाशंकर सिंह, जिलाध्यक्ष डॉ. अजय सिंह एवं श्री अजीत प्रजापति, जिलाधिकारी तथा अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।