
मंत्री आवास की ओर बढ़ रहे अभ्यर्थियों को पुलिस ने रोका, कई हिरासत में
LUCKNOW LIVE: लखनऊ में शुक्रवार सुबह 69 हजार शिक्षक अभ्यर्थियों ने नौकरी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। सुबह करीब 11:10 बजे बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शिक्षा मंत्री संदीप सिंह के आवास पहुंच गए और घेराव शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान एक अभ्यर्थी अचानक बेहोश होकर गिर गया। जबकि अपने छोटे बच्चे के साथ पहुंची एक महिला अभ्यर्थी का बच्चा पुलिसकर्मियों ने गोद में लेकर संभाला।

प्रदर्शन के दौरान करीब 60 अभ्यर्थियों ने योगी बाबा न्याय करो के नारे लगाए। पुलिस ने उन्हें हटाने की कोशिश की तो धक्का-मुक्की शुरू हो गई। करीब 30 मिनट तक हंगामा चला।

इसके बाद पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हाथ-पैर पकड़कर उठाया, बसों में बैठाया और हिरासत में लेकर इको गार्डन भेज दिया।