
खीरों, रायबरेली : उन्नाव जिले की सीमा पर स्थित एक जंगल में शुक्रवार की सुबह बबूल के पेड़ से रस्सी के सहारे सन्दिग्ध परिस्थितियों मे युवक का शव लटकता मिला । युवक की शिनाख्त थाना क्षेत्र के गाँव रामनगर मजरे खरगापुर निवासी रज्जन बाबू 23 पुत्र गंगाविशुन लोधी के रूप में की गई । परिवारजन घरेलू कलह के कारण युवक द्वारा आत्महत्या करने की बात कह रहे थे । वहीं ग्रामीणों में आशनाई के कारण आत्महत्या करने की चर्चा है
परिवारजनों के अनुसार रामनगर निवासी रज्जनबाबू 23 पुत्र चंडीगढ़ में इलेक्ट्रॉनिक का काम करता था । बीमार हो जाने के कारण वह बीती एक मार्च को घर आ गया था । इस दौरान उसके घर में भाइयों के बीच में किसी बात को लेकर आएदिन कहासुनी होती रहती थी । इसी से नाराज होकर रज्जन बाबू गुरुवार की शाम घर से चला गया । देर रात तक परिवारजन उसे ढूंढते रहे लेकिन कोई पता नहीं चला । शुक्रवार की सुबह कुछ ग्रामीणों द्वारा गाँव से बाहर उन्नाव जिले की सीमा में स्थित एक जंगल में रज्जन बाबू का शव एक बबूल के पेड़ से रस्सी के सहारे लटकता देखा । घटना की खबर पहुंचते ही परिवार में कोहराम और गाँव में हडकम्प मच गया । मौके पर पहुंचे परिवारजनों ने बिना कोई कानूनी कार्यवाही किये शव का अंतिम संस्कार कर दिया । कुछ ग्रामीणों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि मृतक युवक का पड़ोसी गाँव की एक युवती से लम्बे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था
दोनों में किसी बात को लेकर आपसी कहासुनी हो गई थी । जिससे नाराज होकर युवक ने जान दे दी । प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही मामले की जाँच की गई । घटना स्थल उन्नाव जिले में होने के कारण परिवारजनों ने पुलिस के पहुंचने से पूर्व ही शव नीचे उतार लिया था । उसे अन्तिम संस्कार करने के लिए गंगाघाट जा चुके थे । जाँच में प्रथमदृष्टया युवक द्वारा आत्महत्या करने का मामला घरेलू कलह का पाया गया है । तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही की जाएगी।