diwali horizontal

नगर पालिका द्वारा खाली पड़े प्लाटों में कूड़ा गिराया जाना दुर्भाग्यपूर्ण: अरविन्द श्रीवास्तव

0 191

रिहायशी मोहल्लों में नगर पालिका का कूड़ा गिराने से नागरिकों में आक्रोश

रायबरेली :  शहर के अत्यंत रिहायशी मोहल्ले पटेल नगर, जैतूपुर और प्रभूटाउन में खाली पड़े प्लाटों में शहर भर का कूड़ा जबरन गिराए जाने से मोहल्ले वासियों में जबरदस्त आक्रोश व्याप्त है। इस समस्या को लेकर भाजपा एनजीओ प्रकोष्ठ के जिला सह संयोजक एवं उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के ज़िला अध्यक्ष अरविन्द श्रीवास्तव एडवोकेट ने जिलाधिकारी और माननीय मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश शासन को संबोधित एक ज्ञापन पत्र सौंपा। ज्ञापन पत्र उप जिलाधिकारी राजेन्द्र शुक्ला को सौंपा गया। पटेल नगर निवासी सुरेश पटेल, हरीश अवस्थी, अंकित सिंह, संतोष गुप्ता आदि ने अवगत कराया है कि उनके घरों के पास स्थित एक प्लाट में कुछ दिनों से गंदा कूड़ा गिराया जाने लगा है,

जिससे पूरे मोहल्ले में सड़न और बदबू फैल रही है, कई बार मना करने के बावजूद भी ट्रैक्टर ट्रॉली से शहर भर का कूड़ा जानबूझ कर गिराया जा रहा है, जिससे वहां का वातावरण अत्यंत दूषित हो गया है एवं वहां रहना भी मुश्किल हो रहा है। मोहल्ले वासियों की शिकायत पर उद्योग व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष एवं भाजपा एनजीओ प्रकोष्ठ के ज़िला सह संयोजक अरविन्द श्रीवास्तव, एडवोकेट ने कहा शहर में रिहायशी मोहल्ले के अंदर गंदा कूड़ा गिराया जाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है, उन्होंने कहा यदि मोहल्ले के अंदर गंदा कूड़ा गिराया जाना बंद नहीं किया गया तो शीघ्र ही उत्तर प्रदेश के नगर विकास मंत्री से मिलकर नगर पालिका के इस मनमानी की शिकायत दर्ज कराई जाएगी। उद्योग व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष सुरेंद्र वर्मा ने बताया की जैतूपुर में पी.ए.सी. के पास कूड़ा निस्तारण प्लांट लगा हुआ है किंतु प्लांट में कूड़ा न गिरा कर, शहर में जगह जगह खाली प्लाट देखकर नगर पालिका द्वारा कूड़ा गिरा दिया जाता है जिसको लेकर नागरिकों में अत्यंत रोष व्याप्त है। इस अवसर पर ललित श्रीवास्तव, पी. बी. सिंह, विष्णु श्रीवास्तव सहित व्यापार मंडल के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.