
देश : की राजधानी दिल्ली में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच बुधवार को एक डॉक्टर की कोरोना से मौत हो गई। 45 साल के श्रीमंता साहू दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में सीनियर डॉक्टर थे। करीब दो हफ्ते पहले उन्हें वायरल इंफेक्शन हुआ था। सूत्रों के मुताबिक बाद में उनकी हालत और ज्यादा खराब हो गई, जिसके चलते उन्हें वेंटिलेटर में शिफ्ट करना पड़ा। अंग्रेजी अखबार ‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ के मुताबिक श्रीमंता साहू की बुधवार सुबह 10 बजे कोरोना से मौत हो गई
द्वारका के मनीपाल अस्पताल के डॉक्टर ने बताया कि हमने उन्हें बचाने की काफी कोशिशें की,लेकिन हम उन्हें बचा नहीं पाए। राम मनोहर लोहिया अस्पताल ने गुरुवार को एक शोक सभा का आयोजन किया है, जहां अस्पताल के सभी स्टॉफ श्रीमंता साहू को श्रद्धांजिल देगा। श्रीमंता साहू के साथ काम करने वाले एक डॉक्टर ने कहा कि ये बड़ा ही दुर्भाग्य है कि वो अब हमारे बीच नहीं हैं
पिछले 9 महीने में देशभर में अब तक 650 डॉक्टरों की कोरोना से मौत हो चुकी है. आईएमए के सदस्य डॉक्टर विनय अग्रवाल ने बताया कि अकेले दिल्ली में ही कोरोना से 30 डॉक्टरों की मौत हो चुकी है। कुछ समय पहले ही दिल्ली में एक 28 साल के डॉक्टर की कोरोना से मौत हो चुकी है। डॉक्टर्स के अलावा मेडिकल क्षेत्र में काम करने वाले नर्स समेत कई और लोगों की भी कोरोना से मौत हुई है।