
लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के हसनगंज थाना क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया जब शनिवार की शाम एक बुजुर्ग महिला को पुलिस चौकी से चंद कदम की दूरी पर लूट के इरादे से घर में घुसे युवक ने तमंचे से गोली मार दी। आपने जिस वक्त घटना को अंजाम दिया उस वक्त बुजुर्ग महिला घर में अकेली थी। गोली की आवाज सुनते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। आनन-फानन में लोग मौके पर दौड़े और गोली मार कर भाग रहे युवक को पकड़कर उसकी बेरहमी से पिटाई की और पुलिस के सुपुर्द कर दिया। घटना की जानकारी स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आनन-फानन में गंभीर हालत में महिला को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया। यहां पर उसका उपचार चल रहा था। पुलिस ने इस मामले में अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त बाइक, अवैध तमंचा और खोखा कारतूस बरामद कर लिया है। पुलिस परिजनों की तहरीर के आधार पर अभियुक्त के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया।
एडीसीपी उत्तरी प्राची सिंह ने बताया कि शनिवार की शाम के करीब 7:30 बजे मदेहगंज चौकी के निकट महिला के गोली मारे जाने की सूचना मिली थी। इस सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया। पड़ताल के दौरान पता चला के महिला का नाम रौनक जहां (60) पत्नी स्व. साबिर अली है। अभियुक्त ने उनके पीठ पर गोली मारी थी। दावा किया जा रहा है चोरी का विरोध करने पर अभियुक्त ने वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता के दो बेटे आमिर अली और जाबिर अली हैं। आमिर कार बाजार में काम करता है। जबकि जाबिर अली कलेक्ट्रेट में स्टांप बेचने का कार्य करता है। फिलहाल पुलिस ने अभियुक्त कलाम पुत्र गुड्डू निवासी सिंधरवा मलिहाबाद को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक अवैध 315 बोर का तमंचा और खोखा कारतूस और एक मोटर साईकिल बरामद कर ली है। पुलिस इस पूरे मामले में कार्यवाही करने में जुटी हुई है। वहीं क्षेत्र में इस घटना से दहशत का माहौल बना हुआ है।
एडीसीपी ने बताया कि पकड़ा गया आरोपित 2014 में जेल जा चुका है। पूछताछ के दौरान उसने पुलिस को बताया वह अपने केस की पेशी के लिए कोर्ट जाता था। वहां पर अक्सर रौनक जहां के बेटे जाबिर को लाखों रुपए के लेनदेन की बातें करते सुनता था। लिहाजा उसे लगा कि उसका पीछा करके घर तक पहुंचा जाए तो काफी माल हाथ लग सकता है। इसलिए आरोपित कलाम ने जाबिर की रेकी करना शुरू की। पीछा करते हुए घर तक पहुंच गया। उसने देखा कि घर पर कोई नहीं है। वहां घर के अंदर दाखिल हुआ। उसने रौनक जहां से कहा वह जाबिर का दोस्त है। उससे स्टांप मंगवाए थे। रौनक जहां ने कहा जाबिर स्टाफ का काम नहीं करता। उन्हें आरोपित कलाम पर शक हुआ तो उन्होंने आरोपित कलाम को घर से बाहर निकलने के लिए कहा। आरोपी ने घर में लूटपाट करने का प्रयास किया। पीड़िता ने शोर मचाने की कोशिश की तो आरोपित ने तमंचा निकालकर रौनक जहां को गोली मार दी।