
बाराबंकी : निंदूरा क्षेत्र के बनौगा गांव में सोमवार शाम से लापता बालक का शव मंगलवार सुबह तालाब में पाया गया। नहाने के दौरान उसके डूब जाने का अनुमान लगाया जा रहा है। बालक एक निजी स्कूल में कक्षा छह का छात्र था। महमूदपुर बनौगा निवासी कुंजबिहारी रावत व उनकी पत्नी जयंत्री देवी के तीन पुत्र शिवम 18वर्ष, मनदीप 15वर्ष व शिवदीप 11वर्ष के अलावा एक पुत्री चांदनी 20 वर्ष थी। छोटा पुत्र शिवदीप सोमवार शाम करीब चार बजे घर से कहीं चला गया था। देर शाम तक शिवदीप वापस नहीं लौटा तो परिजन व आसपास के लोगों ने खोज शुरू की। महमूदपुर बनौगा व मीन नगर मार्ग के बीच करीब 35 बीघे का विशाल तालाब है। खोजबीन के दौरान परिजन यहां पहुंचे तो तालाब के एक किनारे पर शिवदीप के चप्पल व कपड़े रखे मिले।
इसी के बाद युवाओं ने तालाब में घुसकर उसकी तलाश शुरू की। लेकिन शिवदीप का पता नहीं चला। रात हो जाने से सभी वापस लौट आए। मामले की सूचना डायल 112 के अलावा उमरा पुलिस चैकी पर दी गई। मंगलवार सुबह पुलिस की मौजूदगी में तालाब के भीतर फिर खोज शुरू हुई। इस दौरान तालाब की तलहटी में शिवदीप का शव पड़ा मिल गया। शव मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। शव देख कर घरवालों का बुरा हाल था। शिवदीप कब और किसके साथ तालाब तक पहुंचा, इसका पता नहीं चल सका। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।