
पुलिस की कार्यप्रणाली पर बिखरे सीएम योगी ,पुलिस कप्तान से बोले – यहां भी ऐसी कार्रवाई करिए जैसी बस्ती में हुई है
गोरखपुर : रविवार की सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनता दर्शन में पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में रही। बड़ी संख्या में पुलिस की लापरवाही के मामले देख सीएम योगी नाराज हो गए एक मामले में तो उन्होंने गोरखपुर के पुलिस कप्तान से नाराजगी जताई और गुलरिया में हत्या के मामले पर यथोचित कार्रवाई का निर्देश भी दिया ।आज मुख्यमंत्री ने गोरखपुर मंदिर के हिंदू सेवाश्रम में जनता दर्शन के दौरान करीब 500 लोगों की फरियाद सुनी और उन्हें समस्या समाधान का आश्वासन दिए।
दो दिवसीय दौरे पर शनिवार को गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री की रविवार सुबह की दिनचर्या परंपरागत रही। बाबा गोरखनाथ और ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ का दर्शन-पूजन करने के बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर का भ्रमण किया और करीब आधा घंटा गोशाला में गायों के बीच रहे। आठ बजे के करीब वह हिंदू सेवाश्रम पहुंच गए, जहां बड़ी संख्या में फरियादी अपने समस्या उनसे कहने का इंतजार कर रहे थे। फरियादियों के मिलने की शुरुआत के साथ ही मुख्यमंत्री के सामने पुलिस विभाग की लापरवाही के मामले सामने आने लगे। उनका धैर्य तब जवाब दे गया, जब चेरियां बेलीपार की एक महिला ने गुलरिया थाना क्षेत्र में एक साल पहले हुई बेटे की हत्या के मामले में दोषियों की अबतक गिरफ्तार न होने की जानकारी दी।