
नई दिल्ली : दुनिया की सबसे बड़ी और लोकप्रिय क्रिप्टोकरेंसी बिटकॉइन की कीमत आसमान छू रही है। पिछले अक्टूबर में इसकी कीमत 10,500 डॉलर से इस महीने 60,000 डॉलर को पार कर गई। लेकिन इस तेजी के बावजूद दुनिया के जाने माने निवेशक वॉरेन बफे इसमें निवेश नहीं करना चाहते हैं। वह कई बार बिटकॉइन की हवा निकाल चुके हैं।
बफे ने पिछले साल सीएनबीसी से कहा था कि क्रिप्टोकरेंसीज की कोई कीमत नहीं है। इनकी वैल्यू जीरो है। वे किसी काम की नहीं हैं। उन्होंने कहा, मेरे पास कोई क्रिप्टोकरेंसी नहीं है और न कभी होगी। इससे पहले 2019 में भी उन्होंने बिटकॉइन को गैंबलिंग डेवाइस बताया था। तब उन्होंने अपनी कंपनी बर्कशायर हैथवे की सालाना बैठक से पहले कहा था कि क्रिप्टोकरेंसीज के साथ कई तरह का फ्रॉड जुड़ा है। उन्होंने क्रिप्टोकरेंसी की तुलना अपनी जैकेट के बटन से की थी। बफे ने कहा था, मैं एक बटन तोडूंगा और 1000 डॉलर में आपको ऑफर करूंगा। फिर देखूंगा कि मुझे दिन के अंत में 2000 डॉलर मिलते हैं या नहीं। लेकिन बटन का एक ही काम है और यह काम बहुत सीमित है बफे दुनिया के सबसे अमीर लोगों में शामिल है। ब्लूमबर्ग बिलिनेयर्स इंडेक्स के मुताबिक उनकी नेटवर्थ 95.9 अरब डॉलर है। वह 50 साल से बर्कशायर हैथवे के सीईओ हैं और 500 में शामिल किसी कंपनी के सबसे लंबे समय से सीईओ हैं। 1930 में जन्मे बफे ने मात्र 6 साल की उम्र में चूइंग गम पैक्स बेचने शुरू कर दिए थे। उन्होंने अपने दादा के ग्रॉसरी स्टोर से कोका कोला के 6 पैक 25 सेंट में खरीदे थे और प्रत्येक पैक 5 सेंट में बेचकर 5 सेंट का मुनाफा कमाया था।