
केजीएमयू के बाद लोहिया संस्थान में भी अब बिना कोरोना की आरटीपीसीआर नेगेटिव जांच रिपोर्ट के ओपीडी में मरीज नहीं देखे जाएंगे। मरीज ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरह से ओपीडी के लिए पंजीकरण करा सकेंगे।
लखनऊ : कोरोना मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है। लोहिया संस्थान ने ओपीडी सेवाओं में तब्दीली की है। अब मरीज व उनके तीमारदार को कोरोना की नेगेटिव जांच रिपोर्ट के बाद ही देखा जाएगा। जांच आरटीपीसीआर ही मान्य होगी। अभी बिना जांच मरीज देखे जा रहे हैं। संस्थान के प्रवक्ता डॉ. श्रीकेश सिंह के मुताबिक सुपरस्पेशियलटी में रोजाना 25 नए व 25 पुराने मरीज देखे जाएंगे। सामान्य विभागों में रोजाना 100 मरीजों देखे जाएंगे। निर्धारित संख्या पूरी होते ही पंजीकरण बंद कर दिया जाएगा। मरीज व तीमारदार को अपना वैध पहचान पत्र लाना होगा।
प्रवक्ता ने बताया कि पहली अप्रैल से नई व्यवस्था के तहत मरीज देखे जाएंगे। मरीज व तीमारदार को मास्क लगाना अनिवार्य होगा। डॉक्टर व कर्मचारियों को भी मास्क पहनकर ही काम करने के निर्देश दिए गए हैं। लोहिया संस्थान सभी विभागों की ओपीडी के सामने हेल्प डेस्क भी बनाई जाएगी। ओपीडी में भीड़ को नियंत्रित करने के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। एक मरीज के साथ एक तीमारदार को ही ओपीडी भवन में प्रवेश मिलेगा।