
उत्तर प्रदेश : में तेजी से बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के बावजूद त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में मतदाताओं ने गांव की सरकार चुनने के लिए मतदान में दिचलस्पी दिखाई। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण में 18 जिलों में गुरुवार को करीब 71 प्रतिशत मतदान हुआ। प्रदेश में आगरा सहित अन्य जिलों में मतदान के दौरान उम्मीदवारों के समर्थकों के बीच मारपीट और झगड़ों की वारदातें भी हुई। शाम 6 बजे तक मतदान केंद्रों में भारी संख्या में मतदाता जमा होने के कारण बहुत से मतदान केंद्रों पर देर शाम तक मतदान जारी रहा। मतदान की सही स्थिति शुक्रवार तक स्पष्ट हो सकेगी।
पंचायत चुनाव के लिए गुरुवार सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतार लगने लगी थी। सुबह 7 से 9 बजे तक मतदान की गति कुछ धीमी रही, लेकिन उसके बाद मतदान ने रफ्तार पकड़े रखी। उम्मीदवार और उनके समर्थकों ने भी मतदाताओं को घर से मतदान केंद्र तक लाकर मतदान कराने में कोई कसर नहीं रखी। मतदान केंद्रों पर मतदान कर्मियों की तबीयत बिगड़ने की सूचना भी राज्य निर्वाचन आयोग को मिली। वहीं देर रात तक मतपेटियां जिलों में पहुंचना शुरू हो गई थीं।
कहां-कितना मतदान
अयोध्या 70
आगरा 71.6
कानपुर नगर 75
गाजियाबाद 74.33
गोरखपुर 70
जौनपुर 63.15
झांसी 80
प्रयागराज 75
बरेली 73.30
भदोही 63.81
महोबा 78
रामपुर 71
रायबरेली 68
श्रावस्ती 64
संत कबीरनगर 70
सहारनपुर 74.53
हरदोई 70
हाथरस 70.55
मतदान सकुशल संपन्न होने पर सीएम ने मतदाताओं को दी बधाई
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण का मतदान सकुशल संपन्न होने पर मतदाताओं को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि कोरोना कालखंड की विषम परिस्थितियों के बावजूद मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक चुनाव प्रक्र्तिया में सम्मिलित होकर लोकतंत्र को सुदृढ़ बनाने का कार्य किया है। उन्होंने चुनाव ड्यूटी से जुड़े कार्मिकों की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि मतदान के आगामी चरणों में भी समस्त कार्मिक निष्ठा और लगन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।