diwali horizontal

Lucknow Breaking News

0 208

वैक्सीन के लिए ग्लोबल टेंडर जारी करेगा यूपी

लखनऊ :  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में कोरोना संक्रमण के नए मामलों में आ रही कमी और बेहतर हो रही रिकवरी दर आशाजनक संकेत है। उन्होंने कहा कि वैक्सीन की आपूर्ति बढ़ाने के लिए सीरमइंस्टीट्यूट और भारत बायोटेक के भारतीय विकल्पों के साथ-साथ वैश्विक संस्थाओं से भी संपर्क किया जाए। इसके लिए ग्लोबल टेंडर जारी किया जाए।  योगी मंगलवार को वर्चुअल माध्यम से एक उच्चस्तरीय बैठक में टीम-9 के सदस्यों के साथ कोविड-19 की स्थिति की समीक्षा कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने सभी जिलों में बेड की संख्या में वृद्धि के प्रयासों की नियमित मॉनीटरिंग करने के निर्देश दिए। बैठक में यह भी बताया गया कि लखनऊ में एचएएल के 250 बेड का अस्पताल जल्द ही शुरू हो जाएगा। लखनऊ और वाराणसी में डीआरडीओ के सहयोग से सभी सुविधाओं से युक्त नए कोविड अस्पताल भी तैयार किए गए हैं। केजीएमयू में 140 बेड और बढ़ जाएंगे।मुख्यमंत्री ने प्रत्येक जिले की ऑक्सीजन मांग, आपूर्ति और खपत का दैनिक ब्यौरा उनके कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बताया गया कि सोमवार को प्रदेश में 788 मीट्रिक टन ऑक्सीजन वितरित की गई। अगले एक-दो दिन में जामनगर, गुजरात से 40 टन ऑक्सीजन के साथ ऑक्सीजन एक्सप्रेस आएगी। पश्चिम बंगाल से भी टैंकर से ऑक्सीजन की आपूर्ति हो रही है। अयोध्या में बंद पड़े ऑक्सीजन प्लांट को पुन: संचालित कराया जा रहा है। 34 जिलों में 50-50 बेड वाले सीएचसी में गन्ना विकास विभाग एवं आबकारी विभाग की ओर से चीनी मिलों और डिस्टिलरीज के माध्यम से ऑक्सीजन जेनेरेशन की दिशा में विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आंशिक कोरोना कर्फ्यू के कारण कहीं भी किसी श्रमिक, ठेला लगाने वाले, रेहड़ी व्यवसायी, दैनिक मजदूर आदि को भोजन की समस्या न हो, ऐसे में कम्युनिटी किचन के संचालन की आवश्यकता है। उन्होंने निर्देशित किया कि कृषि उत्पादन आयुक्त के स्तर से इस संबंध में आवश्यक प्रयास किए जाएं। औद्योगिक इकाइयों में भी श्रमिकों के लिए भोजन आदि की  आवश्यकतानुसार व्यवस्था रहे। सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने क्षेत्र में लगातार भ्रमण करें। हॉस्पिटल के बाहर भी भ्रमण करते हुए लोगों की मदद करें। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कोविड मरीजों के लिए हर दिन बेड बढ़ाए जा रहे हैं। प्रयास है कि हर मरीज को तत्काल चिकित्सा सुविधा मिल सके। चिकित्सक संवेदनशील होकर मरीजों का उपचार करें। यह बात उन्होंने मंगलवार को लखनऊ के कैंसर संस्थान में बने 100 बेड के डेडिकेटेड कोविड हॉस्पिटल के लोकार्पण समारोह में कहीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कैंसर संस्थान में शुरू होने वाला यह डेडिकेटेड कोविड हॉस्पिटल सभी सुविधाओं से युक्त है। इस अवसर पर चिकित्सा शिक्षा मंत्री  सुरेश खन्ना, चिकित्सा शिक्षा राज्यमंत्री  संदीप सिंह, मुख्य सचिव  आरके तिवारी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

टूटे समीकरणों को जोड़ने में मिली कामयाबी

लखनऊ : टूटे समीकरणों को जोड़ने में राष्ट्रीय लोकदल पास हो गई। खोई जमीन तलाश करने की कवायद में रालोद ने जोरदार मेहनत की जिसका परिणाम यह आया कि पंचायत चुनाव में रालोद पश्चिम यूपी में खास बन कर सामने आई। जिला पंचायत सदस्य की 65 से ज्यादा सीटें जीतकर रालोद मजबूती से खड़ी हुई है । कई जिलों में तो वह अध्यक्ष के पद पर भी दावा पेश करने की तैयारी में है। किसानों के इर्द-गिर्द राजनीति करने वाले पश्चिमी उत्तर प्रदेश के राष्ट्रीय लोक दल को इस चुनाव से बड़ी आस थी। दरअसल, लोकसभा चुनाव में राष्ट्रीय लोकदल पूरी तरह से धड़ाम हो गया था। खुद रालोद सुप्रीमो चौधरी अजित सिंह चुनाव हार गए तो पार्टी के उपाध्यक्ष जयंत चौधरी चारों खाने चित हो गए थे। ऐसे में इस चुनाव को लेकर रालोद खोई जमीन तलाश करने की कवायद में था।

दरअसल, मुजफ्फरनगर दंगों के बाद राष्ट्रीय लोक दल का जाट मुस्लिम प्लस अन्य समीकरण छिन्न-भिन्न हो गया था। खासतौर से जिला पंचायत सीटों पर रालोद ने जबरदस्त प्रदर्शन किया। ऐसे जिलों में भी अच्छी खासी सीटें रालोद को मिली जहां उम्मीद कम थी। रालोद को मिली यह संजीवनी निश्चित रूप से अगले साल यूपी के विधानसभा चुनावों में उसके लिए टॉनिक साबित होगी। पार्टी थिंक टैंक इस बात को बखूबी समझ भी रहा है और पंचायत चुनाव में मिली इस सफलता को पूरी तरह से भुनाने की तैयारी में है।

रालोद के राष्ट्रीय प्रवक्ता अनुपम मिश्रा ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के परिणामों को लेकर प्रसन्नता व्यक्त की है। उनके मुताबिक राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयंत चौधरी ने कहा है मेहनत व जनता के मध्य उपस्थिति तथा जनसमस्याओं के निस्तारण हेतु जनमानस के मध्य सतत उपस्थिति का ही परिणाम है जो आपको जनता ने चुना है।यूपी के संगठन मंत्री डॉ. राजकुमार सांगवान ने कहा कि रालोद ने जिस तरह से लोगों के बीच जाकर उनके दर्द को समझा यह जीत उसी का परिणाम है। इसके दूरगामी परिणाम निकलेंगे। राष्ट्रीय सचिव अनिल दुबे ने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम सामने आया है।

पंचायत चुनाव में सपा को मिली संजीवनी

लखनऊ : जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए गोटें बिछने के साथ समाजवादी पार्टी चौकन्नी हो गई है। विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी पार्टी पंचायत चुनाव में मिली संजीवनी से उत्साहित है। वह किसी तरह का जोखिम लेने के मूड में नहीं है। पार्टी भाजपा की हर चाल का जवाब देते हुए एक तरफ ज्यादा से ज्यादा जिला पंचायत अध्यक्ष बनाने की तैयारी में है तो दूसरी तरफ कार्यकर्ताओं में खेमेबंदी रोकने पर जोर है। इसलिए अलग-अलग जिलों के लिए अलग-अलग रणनीति बनाई जा रही है। रणनीतिकारों का दावा है कि वह पूरब से पश्चिम तक करीब 60 से ज्यादा जिलों में अध्यक्ष बनाने की स्थिति में हैं। इटावा, एटा, कासगंज, कन्नौज सहित 10 से ज्यादा जिलों में सपा के जिला पंचायत अध्यक्ष की राह में कोई रोड़ा नहीं दिख रहा है। इसी तरह मैनपुरी, फर्रुखाबाद, फिरोजाबाद, भदोही, जौनपुर सहित करीब 15 जिलों में पार्टी के दो या दो से अधिक दावेदार हैं। ऐसे में इन जिलों में विशेष रणनीति बनाई जा रही है।

यहां पड़ोसी जिलों के वरिष्ठ नेताओं को समन्वय स्थापित करने की जिम्मेदारी सौंपी जा रही है। पार्टी हाईकमान का प्रयास है कि यहां आपसी लड़ाई का फायदा उठाने के लिए भाजपा भरसक प्रयास करेगी, लेकिन उसकी चाल को मात देना पार्टी के लिए अहम होगा बुंदेलखंड में चित्रकूट और हमीरपुर में भाजपा और सपा के पास चार चार सदस्य है, लेकिन यहां बसपा और निर्दलीय निर्णायक होंगे। निर्दलीय पुराने सपाई है, जिन्हें उज्ज्वल भविष्य का सपना दिखाकर पार्टी अपने खेमे में करने की तैयारी में है। झांसी और महोबा को लेकर सपा पूरी तरह आश्वस्त है। लेकिन बांदा को लेकर संशय है।

पार्टी प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने बताया कि कई जगह जीतने के बाद भी सपा के लोगों को प्रमाण पत्र नहीं दिया गया है। वक्त आने पर इसका भी जवाब मिलेगा। पार्टी का प्रयास है कि समान विचारधारा वाले सदस्यों को साथ लेकर भाजपा को मात दिया जाय। ताकि जन राजनीतिक विश्लेषक लखनऊ निवासी केके श्रीवास्तव कहते हैं कि पश्चिम बंगाल के बाद पंचायत चुनाव से भाजपा को निराशा मिली है। ऐसे में वह उग्र रूप अपनाने से गुरेज नहीं करेगी। जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए भाजपा हर सांसद, विधायक को मैदान में उतारने में पीछे नहीं रहेगी। ऐसे में सपा को भी तैयार रहना होगा। पंचायत चुनाव ने यह भी संदेश दिया है कि सपा ग्रामीण स्तर पर विधानसभा चुनाव के लिए तैयार है।

कोरोना वायरस की दूसरी लहर के नियंत्रण और इलाज की व्यवस्था के लिए डॉक्टरों की सलाहकार समिति का गठन

लखनऊ : कोरोना वायरस की दूसरी लहर के नियंत्रण और इलाज की व्यवस्था के लिए डॉक्टरों की सलाहकार समिति का गठन किया गया है। 14 सदस्यीय सलाहकार समिति का अध्यक्ष एसजीपीजीआई के निदेशक प्रोफेसर आरके धीमान को बनाया गया है। यह समिति कोविड-19 की प्रभावी रोकथाम के संबंध में समय-समय पर टीम-9 को भी परामर्श देगी। सलाहकार समिति में केजीएमयू के कुलपति डॉ. विपिन पुरी, अटल बिहारी वाजपेई चिकित्सा विश्वविद्यालय के कुलपति डॉक्टर एके सिंह, लोहिया संस्थान की निदेशक, मेदांता हॉस्पिटल के मेडिकलडायरेक्टर डॉ राकेश कपूर, एसजीपीजीआई पल्मोनरी विभाग के डॉ आरके सिंह, डॉ. आलोक नाथ, केजीएमयू पल्मोनरी एंड क्रिटिकल केयर विभागाध्यक्ष डॉ वेद प्रकाश, एसएसपीएच ग्रेटर नोएडा के निदेशक डॉ राकेश गुप्ता, मिडलैंड हॉस्पिटल के डॉ. बीपी सिंह, बीएचयू के निदेशक , आईएमए के प्रदेश अध्यक्ष, स्वास्थ्य विभाग के स्टेट सर्विलांस ऑफिसर को सदस्य मनोनीत किया गया है।

इसके अलावा महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण को समिति का संयोजक नियुक्त किया गया है। इस संबंध में प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा आलोक कुमार ने मंगलवार शाम आदेश जारी किया है। मालूम हो कि 2 दिन पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समीक्षा बैठक के दौरान निर्देश दिया था कि चिकित्सा विशेषज्ञों की एक सलाहकार समिति का गठन किया जाए, जो समय समय पर प्रभावी नियंत्रण के संबंध में अपनी राय देगी। चिकित्सकों की कमेटी की राय के आधार पर टीम 9 भी विभिन्न व्यवस्थाओं में परिवर्तन करेगी।

दोपहर तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार युवक, उसकी मौसी व मासूम बच्ची की मौत

लखनऊ :  काकोरी थाना क्षेत्र में जेहटा मोड़ पर मंगलवार दोपहर तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार युवक, उसकी मौसी व मासूम बच्ची की मौत हो गई। पुलिस ने तीनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही हादसा करने वाली ट्रैक्टर-ट्रॉली कब्जे में लेकर छानबीन शुरू की है। गोसाईंगंज के पहाड़पुर टिकरिया गांव निवासी विकास सिंह (20) मंगलवार दोपहर बंथरा में बनी कस्बे के पास भाभापुर गांव में रहने वाली अपनी मौसी बीना सिंह (40) के घर गया था। वहां से वह मौसी बीना सिंह व उनकी नातिन बिट्टू (6) को लेकर इटौंजा के कसरावा गांव में अपनी ममेरी बहन की शादी में बाइक से जाने के लिए निकला था। काकोरी थाना क्षेत्र में आईआईएम रोड पर जेहटा मोड़ पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने विकास की बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में विकास की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बीना सिंह व बिट्टू गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने बीना व बिट्टू को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां कुछ देर में ही दोनों ने दम तोड़ दिया। काकोरी पुलिस ने हादसा करने वाली ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेने के साथ ही तीनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं। काकोरी इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह का कहना है कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

लखनऊ विकास मंगलवार को ममेरी बहन की शादी में जाने के लिए हंसी-खुशी घर से निकला था। वह मौसी व उनकी नातिन को लेकर इटौंजा जा रहा था कि हादसे में तीनों की मौत हो गई। एकसाथ तीन मौतों से परिजनों व रिश्तेदारों में कोहराम मच गया। विकास के रिश्तेदार ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि बीना सिंह अपनी नातिन बिट्टू को बहुत प्यार करती थीं और वह उन्हीं के पास ही रहती थी। हादसे से बिट्टू की मां मोनी व पिता कुलदीप रो-रोकर बेहाल हैं। विकास व बीना के परिवार में भी कोहराम मचा है। जबकि इटौंजा के कसरावा गांव में विकास की ममेरी बहन की शादी की खुशियां भी हादसे से मातम में तब्दील हो गईं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.