
दिल्ली : टोक्यो ओलंपिक में भारतीय महिला और पुरुष हॉकी टीम की जीत से जहां पूरा देश जश्न मना रहा है वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ट्वीट कर दोनों टीमों को बधाई दी है। उन्होंने लिखा कि पीवी सिंधु ने ही सिर्फ पदक नहीं जीता है बल्कि हमने ओलंपिक में पुरुष और महिला हॉकी टीमों के ऐतिहासिक प्रयासों को भी देखा है। मुझे आशा है कि 130 करोड़ भारतीय भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए कड़ी मेहनत करना जारी रखेंगे क्योंकि यह अमृत महोत्सव मना रहा है। इसके अलावा एक अन्य ट्वीट करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि अगस्त माह अमृत महोत्सव की शुरुआत का प्रतीक है। और इससे पहले कुछ अच्छी खबरें आई हैं जो हर भारतीय के लिए सुखद है। रिकॉर्ड टीकाकरण के साथ-साथ उच्च जीएसटी संग्रह देश की मजबूत आर्थिक गतिविधि का संकेत देती है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक और ट्वीट कर गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी को जन्मदिन की बधाई दी। विजय रूपाणी का जन्म 2 अगस्त 1956 को म्यांमार के रंगून में हुआ था। 1960 में उनका परिवार गुजरात के राजकोट शहर आ गया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी दो अगस्त को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से e-RUPI डिजिटल भुगतान प्लेटफॉर्म को लॉन्च करेंगे। e-RUPI एक प्रीपेड इ-वाउचर है, जिसे NPCI ने विकसित किया हैं । इससे पूरी तरह नगदरहित और संपर्करहित भुगतान होगा। e-RUPI क्यूआर कोड या एसएमएस स्ट्रिंग के आधार पर ई-वाउचर के रूप में कार्य करता है, जिसे लाभार्थियों के मोबाइल फोन पर पहुंचाया जाता है। e-RUPI प्लेटफॉर्म उपयोगकर्ताओं को कार्ड, डिजिटल भुगतान एप या इंटरनेट बैंकिंग एक्सेस के बिना वाउचर को भुनाने की अनुमति देगा।