
लखनऊ : भारतीय अर्थव्यवस्था की गाड़ी फिर पटरी पर लौट आई है. वित्त वर्ष 2021-22 की पहली तिमाही में शानदार जीडीपी के आंकड़े सामने आए हैं. कोरोना संकट के बीच केंद्र सरकार के लिए पहली बार जीडीपी के मोर्चे पर अच्छी खबर आई है. दरअसल केंद्र सरकार ने चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही के जीडीपी नतीजे जारी कर दिए हैं.पहली तिमाही में सकल घरेलू उत्पाद की ग्रोथ रेट रिकॉर्ड 20.1% रही है जबकि पिछले साल समान तिमाही में निगेटिव 23.9% जीडीपी ग्रोथ रेट रही थी. GDP किसी भी देश की आर्थिक सेहत को मापने का सबसे सटीक पैमाना है.
इससे पहले एसबीआई की इकोरैप रिसर्च रिपोर्ट में अनुमान लगाया गया था कि चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में देश की जीडीपी 18.5% की दर से बढ़ सकती है. वहीं RBI ने अप्रैल-जून 2021 तिमाही के लिए 21.4% की जीडीपी ग्रोथ का अनुमान लगाया था. जीडीपी में तेज रिकवरी से इकोनॉमी की गाड़ी पटरी पर लौटने के संकेत मिल रहे हैं.