
उन्नाव : मंगतखेड़ा में जमीन पर कब्जे को लेकर उपजे विवाद का हल हो पाता कि आरोपी पक्ष ने गुंडागर्दी की हदें पार करते हुए दीवाल गिरा दिया, यही नहीं भू-स्वामी के विरोध करने पर उसे धकियाया।पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने दो नामजद व कुछ अज्ञात लोगों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया है। पीड़ित राजकिशोर बाजपेयी पुत्र तेजराम बाजपेई निवासी औरावां थाना बंथरा ने बताया कि उसने मंगतखेड़ा स्थित भूमि संख्या 716 रकबा 2 बिसुवा जिसका फ्रंट 142 फुट व गहरान 16 फुट है जरिये बैनामा क्रय किया था। लेखपाल ने 76 फिट भूमि बीच सड़क से नाप कर दी थी। क्रय भूमि पर दीवाल का निर्माण करवाया था, जिसे गत 17 सितम्बर की रात मंगतखेड़ा निवासी अतुल सिंह,अनूप सिंह पुत्रगण स्व. दिलीप सिंह द्वारा अपने कुछ साथियों के साथ जबरन गिरा दिया गया।
उल्लेखनीय है कि प्रकरण चार दिन पूर्व उपजिलाधिकारी के संज्ञान में लाते हुए पीड़ित ने भूमि की नाप राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम बनाकर कराए जाने हेतु प्रत्यावेदन दिया था।पीड़ित के प्रत्यावेदन पर कार्यवाही करते हुए उपजिलाधिकारी ने राजस्व निरीक्षक के नेतृव में टीम गठित की थी।गत सोमवार को भूमि की नाप की जानी थी किन्तु दबंगों ने एसडीएम के आदेश को रौंदते हुए जबरन पक्की दीवाल गिरा दिया। सरेआम की गई दबंगई की शिकायत पीड़ित ने कोतवाल अजय त्रिपाठी से की ,चूँकि कोतवाल की जानकारी में प्रकरण पूर्व से ही था जिस पर कोतवाल ने स्वयं नाप होने तक आरोपी पक्ष को शांत रहने की हिदायत दी भी थी बावजूद दबंगई करते हुए दीवाल गिरा दी, यही नहीं पीड़ित विकलांग को धकियाया भी। शिकायत को पुलिस ने गम्भीरता से लिया औऱ तत्काल आरोपियों के विरुद्ध धारा 323,504,506 व 427 के तहत अभियोग पंजीकृत कर दिया।