
यूपी : बुंदेलखंड में तीन दिवसीय चुनावी अभियान पर निकले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को वीरांगना नगरी झांसी में प्रदेश की योगी सरकार पर जोरदार हमला करते हुए कहा कि यह सपने दिखाने वाली सरकार है। युवाओं को रोजगार और नौकरी के सपने दिखाये गये लखनऊ में इन्वेस्टमेंट के बड़े बड़े आयोजन किये उसमें प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति जी आए। सब आए लेकिन बता दीजिए कहां पर कारखाना लग गया उद्योग लग गया। अब चुनाव आ गया तो झांसी के लोगों को मिसाइल का सपना दिखा रहे हैं अब झांसी की जनता इनके झांसे में नहीं आयेगी।

अखिलेश ने कहा कि बुंदेलखंड की जनता ने भाजपा को पूरा समर्थन दिया लेकिन इनके साढ़े चार साल के शासन के बाद यहां की जनता खाली हाथ ही रह गई।अब झांसी वाले इनके झांसे में नहीं आयेंगे इस बार बुंदेलखंड की जनता भाजपा को शून्य कर देगी। बुंदेलखंड से भाजपा का दरवाजा बंद हो जायेगा।

यहां एक स्थानीय होटल में पत्रकारों से बात करते हुए सपा सुप्रीमो ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन की सरकार को बुंदेलखंड की जनता ने भरपूर वोट दिया लेकिन जनता खाली हाथ रह गई। इस सरकार ने बुंदेलखंड को आगे बढ़ाने के लिए, खुशहाल बनाने के लिए कोई ठोस फैसला नहीं लिया जो कार्य पुरानी सरकार में चल भी रहे थे उन्हें भी यह सरकार पूरा नहीं कर पाई।

जनता अब सब समझ गयी है। झांसी की महारानी लक्ष्मीबाई ने जिस तरह से अंग्रेजों को खदेड़ने का काम किया था उसी प्रकार से बुंदेलखंड की जनता लाइन मे खड़ा होकर इनके खिलाफ वोट डालकर इन्हें बुंदेलखंड से खदेड़ने का काम करेगी।