
फिलिस्तीनी कब्जे वाले वेस्ट बैंक में एक महिला पत्रकार की गोली लगने से मौत हो गई। अल जजीरा के लिए काम करने वाली महिला पत्रकार का नाम शिरीन अबू अकलेह है, उन्हें चेहरे पर गोली लगी थी। गोली लगने के तुरंत बाद ही उनकी मौत हो गई। शिरीन बुधवार को जेनिन शहर में इजराइली रेड को कवर कर रही थीं जानकारी के मुताबिक, उत्तरी वेस्ट बैंक के जेनिन शहर में इजराइली आर्मी ने रेड की। इस दौरान हुई फायरिंग में एक गोली उन्हें लग गई। इजराइली आर्मी पर हत्या का आरोप लगा है। वहीं, आर्मी की ओर से जारी बयान के मुताबिक, बुधवार को संदिग्धों और सुरक्षाबलों के बीच गोलीबारी हुई। संभावना है कि फिलिस्तीनी गोलियों से पत्रकार की मौत हुई होगी। इजराइली आर्मी मामले की जांच कर रही है।
इजराइली आर्मी ने पत्रकारों को टारगेट करने की बात से इनकार किया है। वहीं, इजराइली विदेश मंत्री यायर लापिड ने शिरीन की मौत को दुखद बताया है। लापिड ने कहा- मौत की जांच के लिए हम फिलिस्तीनी अथॉरिटी के साथ एक जॉइंट इन्वेस्टिगेशन करने के लिए भी तैयार हैं। अल जजीरा ने- आर्मी को जवाबदेह ठहराने की बात कही अल जजीरा ने एक बयान जारी कर इजराइली आर्मी पर हत्या का आरोप लगाया है। इसे एक कोल्ड ब्लडेड मर्डर करार दिया है। अल जजीरा ने कहा- आर्मी जानबूझकर पत्रकारों को टारगेट कर रही है और अंतरराष्ट्रीय कानूनों का खुला उल्लंघन कर रही है। वहीं, इंटरनेशनल कम्युनिटी से हत्या के लिए आर्मी को जवाबदेह ठहराने की बात कही गई है।