diwali horizontal

बाढ़ पीड़ितों का हाल जानने जिले के दूरस्थ ग्राम भरथापुर पहुॅचे डीएम व एसपी

गूढ के पूर्व माध्यमिक विद्यालय में भी बाढ़ पीड़ितों को किया राशन किट का वितरण

0 106

 

 

बहराइच । कतर्नियाघाट वन्य जीव विहार की गोद में घने वनों, नदियों, सुन्दर मनोहारी वनों व वन्य जीवों के बीच जनपद के दूरस्थ राजस्व ग्राम भरथापुर जहॉ पर बाढ़ के पश्चात पहुॅच पाना और भी दुरूह व दुर्गम था, जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र व पुलिस अधीक्षक केशव कुमार चौधरी ने पहुॅचकर बाढ़ पीड़ितों का कुशल क्षेम जाना तथा बाढ़ पीडितों को राशन किट व आयुष किट का वितरण किया। इस अवसर पर डीएम व एसपी ने ग्रामवासियों से रू-ब-रू होते हुए उनकी रोज़मर्रा की ज़िन्दगी में आने वाली समस्याओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। ग्रामवासियों द्वारा ग्राम का विस्थापन कराये जाने की मांग पर डीएम ने आश्वस्त किया कि शासन के निर्देशानुसार शीघ्र ही विस्थापन की कार्यवाही की जायेगी।
उल्लेखनीय है कि जिले के दूरस्थ ग्राम भरथापुर के लिए शासकीय वाहन पर निकले डीएम एसपी ने कतर्नियाघाट घड़ियाल सेन्टर पहुॅच कर नाव पर सवार होकर गेरूवा नदी के उस पार पहुॅच कर ट्रांस गेरूआ क्षेत्र में प्रायः हाथी, गैंडा व बाघ बाहुल्य जंगल में लगभग डेढ कि.मी. साइकिल व पैदल चल कर गन्तव्य स्थल पहुॅचने पर ग्रामवासियों ने जहॉ एक ओर पूरी गर्मजोशी से जिले के आला अधिकारियों का स्वागत किया वहीं दूसरी ओर डीएम व एसपी ने सभी ग्रामवासियों/बाढ़ पीड़ितों से पूरे अपनत्व के साथ वन-टू-वन भेंट कर उनका कुशल क्षेम जाना। रोज़मर्रा की ज़िन्दगी के अनुभवों तथा दूरूह क्षेत्र में निवास करने के कारण आने वाली समस्याओं की जानकारी कर आश्वस्त किया कि समस्याओं को तत्परता के साथ निराकरण कराया जायेगा।
इस अवसर पर डीएम डॉ. चन्द्र ने बताया कि मा. मुख्यमंत्री जी व शासन के उच्चाधिकारियों के निर्देश हैं कि जिले के सभी बाढ़ पीड़ितों को उनकी पात्रता के अनुसार त्वरित राहत पहुॅचायी जाय। शासन की ओर स्पष्ट निर्देश प्राप्त हुए है कि कटान व बाढ़ के कारण जिन लोगों के मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं अथवा फसलों को नुकसान हुआ है उन्हें अनुमन्य अहेतुक सहायता व अनुदान उपलब्ध कराया जाय। डीएम ने बताया कि अब तक जनपद में तेरह हज़ार से अधिक राशन किटों का वितरण किया जा चुका है तथा डीएम डॉ. चन्द्र ने बताया कि जनपद में अब तक जिला प्रशासन की ओर से लगभग ढ़ाई लाख फूड पैकेट व सत्ताईस हज़ार से अधिक तिरपाल का वितरण किया गया है।
डीएम डॉ. चन्द्र ने कहा बाढ़ प्रभावित सभी पात्र लोगों को राशन किट का वितरण किया जायेगा तथा उनके घरो व फसलों की क्षति का आगणन कर उन्हें नियमानुसार मुआवज़ा भी दिलाया जायेगा। डीएम ने बताया कि जनपद में फसल क्षति का सर्वे कार्य प्रारम्भ हो गया है। उन्होंने कहा कि जनपद में बाढ के कारण जो जनहानि हुई या मकान गिरे हैं उनके वारिसान व गृह स्वामियों को सहायता राशि उपलब्ध करा दी गई है। उन्होंने कहा कि वंचित व छूटे हुए प्रभावित लोगों व परिवारों को शीघ्र ही जिला प्रशासन की ओर से अनुमन्य सहायता प्रदान की जायेगी।  इससे पूर्व डीएम व एसपी ने ग्राम गूढ पहुॅच कर ग्राम के पूर्व माध्यमिक विद्यालय में बाढ़ पीडितों का हाल जाना तथा उन्हें राशन किट व आयुष किट का वितरण किया। इस अवसर पर एसडीएम मिहींपुरवा (मोतीपुर) जी.पी. त्रिपाठी व आर.ओ. कतर्नियाघाट के.पी. मिश्रा सहित अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.