
चिकित्सालय की व्यवस्थाओं में काफी सुधार आने के साथ ही व्यवस्थाएं चाक-चौबंद हुई : डीएम
लखीमपुर खीरी : डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने सीएमओ डॉ० मनोज अग्रवाल के साथ कोविड लेवल वन एवं लेवल 2 चिकित्सालय जगसड-नकहा का औचक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं की गहनता से पड़ताल की डीएम ने सर्वप्रथम कोविड चिकित्सालय के भोजनालय का निरीक्षण किया। वहां भोजन बना रहे लोगों से सतर्कता बरतने के साथ अपने कार्य दायित्वों को निष्पादित करने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि बनाए जा रहे भोजन में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए
निरीक्षण के दौरान भोजनालय में रोटी मेकिंग मशीन क्रियाशील मिली। वही कई स्थानों पर भोजन का दिवस वार साप्ताहिक रोस्टर चस्पा मिला। उन्होंने ड्यूटीरत चिकित्सा अधिकारियों से चिकित्सालय की व्यवस्था के संबंध में जानकारी हासिल की और आवश्यक दिशा निर्देश दिए
डीएम ने चिकित्सालय में भर्ती दो मरीजों से टेलीफोन के माध्यम से स्वयं बात की और रोस्टर के अनुसार गुणवत्ता युक्त भोजन मिलने की पुष्टि की। साथ ही चिकित्सालय की व्यवस्थाओं पर विस्तार से जानकारी ली। जिस पर मरीजों ने व्यवस्थाओं के संबंध में अपनी संतुष्टि व्यक्त की। इसी के साथ उन्होंने सीसीटीवी कंट्रोल रूम से पूरे चिकित्सालय का सूरत ए हाल जाना
चिकित्सालय के नोडल अधिकारी डॉ बलबीर सिंह से डीएम ने उपलब्ध संसाधनों सहित चिकित्सा उपकरणों के संबंध में जानकारी की। डीएम ने कहा कि शासन की मंशानुरूप चिकित्सालय में एडमिट सभी संक्रमित मरीजो को मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराने के साथ ही समुचित इलाज किया जाए।
उन्होंने कहा कि चिकित्सालय की व्यवस्थाओं में काफी सुधार आने के साथ ही व्यवस्थाएं चाक-चौबंद हुई हैं। जिसकी पुष्टि स्वयं मरीजों ने उनसे फोन पर वार्ता के दौरान की है। अभी जो भी छुटपुट कमियां रह गई है, उन्हें शीघ्र दुरुस्त कराने हेतु संबंधित को निर्देशित किया गया है
निरीक्षण के दौरान जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी वीरपाल, उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी उपभोक्ता के सहायक अभियंता सुशील कुमार, सहित चिकित्सालय में ड्यूटीरत चिकित्सा अधिकारी मौजूद रहे।