
जल संचयन एवं भूजल रिचार्ज हेतु जनपद के समस्त शासकीय, अर्द्धशासकीय तथा स्कूल-कालेजों के भवनों पर स्थापित करें रूफटाप रेनवाटर हार्वेस्टिंग प्रणाली : डीएम
लखीमपुर खीरी : जिला अधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि भविष्य के लिए जल संग्रहण करने हेतु जल संचयन के कार्यों को सरकार की प्राथमिकता में सम्मिलित किया गया है। जल शक्ति मंत्री डॉक्टर महेंद्र सिंह द्वारा प्रदेश के समस्त जनपदों के समस्त शासकीय अर्द्धशासकीय भवनों तथा स्कूल-कालेजों के भवनों पर अनिवार्य रूप से रूफटॉप रेनवाटर हार्वेस्टिंग प्रणाली की स्थापना के निर्देश दिए गए है
इसी दिशा में विशेष प्रयास करते हुए शासन स्तर से लघु सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता/सहायक अभियंता को जनपद स्तर पर रूफटॉप रेनवाटर हार्वेस्टिंग प्रणाली की स्थापना के कार्य की प्रगति का अनुसरण करने हेतु नोडल अधिकारी नामित किया गया है। जल संचयन को व्यापक जन सहभागिता के द्वारा जन आंदोलन के रूप दिए जाने की आवश्यकता है। इसमें समस्त नागरिकों से सक्रिय योगदान की अपेक्षा की जाती है कि समस्त व्यवसायिक प्रतिष्ठानों/ औद्योगिक इकाइयो/ गैर सरकारी संगठनों एवं कृषको इत्यादि से अनुरोध है कि अपने-अपने कार्य क्षेत्र में रेन वाटर हार्वेस्टिंग प्रणाली स्थापित करते हुए जल संचयन के कार्य प्रभावी रूप से किए जाए।
ग्रामीण क्षेत्रों में महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना के अंतर्गत भी व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक स्थलों पर जल संचयन के विविध कार्य किए जा रहे हैं। जिसमें गांव के शासकीय विद्यालयों पर रूफटॉप रेनवाटर हार्वेस्टिंग प्रणाली की स्थापना तथा लाभार्थी कृषक के खेतों में तालाब रिचार्ज पिट इत्यादि कार्य सम्मिलित है। इसके लिए खंड विकास अधिकारी से संपर्क किया जा सकता है। जल संचयन कार्यों के लिए सुलभ डिजाइन भूगर्भ जल विभाग की वेबसाइट upgwd.gov.in, मनरेगा की वेबसाइट www.narega.nic.in पर अथवा जनपद के भूगर्भ जल विभाग एवं लघु सिंचाई विभाग से प्राप्त की जा सकती है। इस नई तकनीक के आधार पर कृषक, आम नागरिक, औद्योगिक इकाइयां तथा गैर सरकारी संगठन इस विधि को अपना सकते हैं।