
प्रयागराज: लालापुर क्षेत्र के मनकामेश्वर धाम में सावन माह के प्रथम दिन मंगलवार को 04 बजे भोर से ही शिव भक्तों ने जलाभिषेक किया।
लालापुर क्षेत्र का सबसे प्राचीन शिव मंदिर है मनकामेश्वर धाम। शिव महापुराण के अनुसार भगवान राम ने वन गमन के समय मनकामेश्वर धाम शिवलिंग की स्थापना की थी। इस बार मंगलवार से सावन का पवित्र महीना शुरू होकर 31 अगस्त 2023 तक रहेगा।
इसे शिव का महीना माना जाता है, क्योंकि सावन, दक्षिणायन में आता है। जिसके देवता शिव हैं, इसीलिए इन दिनों उन्हीं की आराधना शुभ फलदायक होती है। सावन के दौरान बारिश का मौसम होता है। पुराणों के मुताबिक शिवजी को चढ़ने वाले फूल-पत्ते बारिश में ही आते हैं
इसलिए सावन में शिव पूजा की परंपरा बनी। स्कंद पुराण में भगवान शिव ने सनत्कुमार को सावन महीने के बारे में बताया कि मुझे श्रावण बहुत प्रिय है। इस महीने की हर तिथि व्रत और हर दिन पर्व होता है, इसलिए इस महीने नियम-संयम से रहते हुए पूजा करने से शक्ति और पुण्य बढ़ते हैं।
कहा जाता है कि जो भी भक्त आस्था और भक्ति के साथ मनकामेश्वर धाम में पूजा अर्चना करता है, भगवान शिव उसकी सारी मनोकामना पूर्ण करते हैं।