
अमेठी : पीएम मोदी के 70वें जन्मदिन पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित सेवा सप्ताह के तीसरे दिन भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गेश त्रिपाठी की अगुवाई में जिला मुख्यालय पर सार्वजनिक स्थानों एवं मन्दिर परिसरों में स्वच्छता अभियान चलाया गया। भाजपा नेताओं व कार्यकर्त्ताओं ने सुबह 7 बजे से 9 बजे तक चले स्वच्छता अभियान में बढ़चढ़कर हिस्सा लिया
इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष दुर्गेश त्रिपाठी ने कहा भाजपा कार्यकर्त्ताओं व नागरिकों को स्वच्छता को संस्कार मानकर अपनी आदत व दिनचर्या में शामिल करना होगा। स्वच्छ, स्वस्थ और समृद्ध भारत बनाने में प्रत्येक नागरिक को अपना सर्वोत्तम योगदान देना चाहिए। सेवा सप्ताह के तीसरे दिन स्वच्छता अभियान के दौरान जिला अध्यक्ष की उपस्थित में भाजपा कार्यकर्त्ताओं ने सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाने व प्लास्टिक मुक्त भारत का संकल्प लिया।
भाजपा प्रवक्ता चन्द्रमौलि सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि सेवा सप्ताह के तीसरे दिन शहर के सार्वजनिक स्थानों पर आयोजित स्वच्छता अभियान में भाजपा नेताओं व पदाधिकारियों सहित बूथ एवं सेक्टर स्तर तक के कार्यकर्त्ताओं ने बढ़चढ़कर हिस्सा लिया। जिलाध्यक्ष ने स्वच्छता अभियान की सफलता पर सभी का आभार प्रकट किया है। भाजपा प्रवक्ता चन्द्रमौलि सिंह ने जानकारी दी कि गुरूवार 17 सितम्बर पीएम मोदी के जन्मदिन के अवसर पर दो कार्यक्रम, पहला अस्पतालों एवं गरीब बस्तियों सहित 70 स्थानों पर फल वितरण एवं दूसरा 70 दिव्यांगो को कृत्रिम अंग वितरण कार्यक्रम गौरीगंज में आयोजित होगा।