
लखनऊ : उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री मोहसिन रजा ने शनवार को बड़ा बयान दिया है। उन्होंने लव जिहाद का मुद्दा उठाते हुए कहा है कि लव जिहाद के बढ़ते मामले एक साजिश हैं, जिसके तहत भोली भाली लड़कियों को शिकार बनाया जा रहा है। उन्होंने पिछले कुछ दिनों में प्रदेश में सामने आई लव जिहाद के मामलों का भी जिक्र किया है।
मोहसिन रजा ने कहा है कि इस मामले में हिंदू लड़कियों को मोहरा बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा है कि इसे रोकने के लिए अगर जरूरत पड़ी, तो सरकार कानून भी लाएगी। जबकि अभी एक दिन पहले ही उत्तर प्रदेश में बढ़ती लव जिहाद की घटनाओं और धर्मांतरण के मामलों को रोकने के योगी सरकार की ओर से अध्यादेश भी पेश किया गया था।
वहीं अब मंत्री मोहसिन रजा ने कहा है कि सिमी और पीएफआई जैसे संगठनों की वजह से ऐसे मामले सामने आ रहे हैं। लव जिहाद के ज्यादातर मामलों के पीछे ऐसे ही संगठनों का हाथ है। मोहसिन रजा ने एक वीडियो जारी कर कहा है, ‘लव जिहाद और धर्मांतरण की काफी शिकायतें आ रही हैं। यह एक साजिश के तहत किया जा रहा काम है। भोली भाली लड़कियों को प्रेम जाल में फंसाकर उनके साथ शादी करना, फिर उनका धर्मांतरण किया जा रहा है।’
मोहसिन रजा ने कहा है कि पहले इन लड़कियों से कहा जा रहा है कि पहले आप कलमा पढ़िए मुसलमान हो जाए, फिर क्रिश्चन हो जाइए, पहले आप धर्म परिवर्तन करिए, इसके पीछ बहुत बड़ी साजिश है। उन्होंने कहा है कि पहले भी ऐसे कई मामलों में प्रतिबंधित आतंकी संगठन सिमी और इसके साथ ही पीएफआई का नाम सामने आ चुका है। इन संगठनों से जुड़े लोग काफी शातिर हैं। इनको हमारे देश में तुष्टिकरण की राजनीति के तहत राजनीतिक पार्टियों का समर्थन मिल गया है। ऐसे में इस साजिश का खुलासा होना चाहिए