
लखनऊ में दरिंदों से बचने के लिए ई-रिक्शा से कूदी नर्सिंग छात्रा।
LUCKNOW CRIME NEWS: कुर्सी रोड स्थित एक यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाली छात्रा बर्लिंगटन इलाके में अपने मामा के घर गई थी। सोमवार को निजी काम से बर्लिंगटन चौराहे से टेढ़ी पुलिया जाने के लिए एक ई-रिक्शा पर सवार हुई। निशातगंज में कुछ देर के लिए रिक्शा रुका।
ई-रिक्शा चालक उसके बगल में आकर बैठ गया। चालक का दोस्त ई-रिक्शा चलाने लगा। वह फोन पर व्यस्त थी तो ध्यान नहीं दिया। ई-रिक्शा टेढ़ी पुलिया पर पहुंचा। छात्रा ने ई-रिक्शा रोकने के लिए कहा। ई-रिक्शा रुकने की बजाय कुर्सी रोड की तरफ दौड़ने लगा।

वह कुछ समझ पाती, इससे पहले ई-रिक्शा में सवार 4 युवकों ने अश्लीलता शुरू कर दी। अंधेरा हो चुका था। ऐसे में चलते ई-रिक्शा में गंदी हरकत देखकर नर्सिंग छात्रा चिल्लाने लगी। चालक ने ई-रिक्शा रोकने की बजाय उसकी स्पीड और बढ़ा दी। घबराई छात्रा चीखने लगी तो ई-रिक्शा सवार लड़कों ने उसका मुंह दबा दिया।
जनता अस्पताल के पास ई-रिक्शा को सुनसान रोड की तरफ मोड़ दिया। घबराई लड़की चलते ई-रिक्शा से कूद गई। इसके बाद वहां भीड़ जुट गई। गीता नाम की महिला उसे अस्पताल ले गई। वहां से उसके मामा को घटना की सूचना दी गई। टेढ़ी पुलिया से घटनास्थल तक 10 मिनट का सफर था। इंस्पेक्टर प्रभातेश श्रीवास्तव गुडंबा के मुताबिक मूल रूप से आजमगढ़ निवासी युवती कुर्सी रोड स्थित एक यूनिवर्सिटी में पढ़ती है। वह बर्लिंगटन चौराहे से ई-रिक्शा पर बैठी थी। उसका कहना है कि निशांतगंज के पास चालक पीछे बैठ गया और उसका साथी ड्राइवर सीट पर चला गया।
टेढ़ी पुलिया के पास उसने रोकने को कहा, लेकिन वह कुर्सी रोड पर ले गए। इस दौरान कई बार रोकने की कोशिश की नहीं माने, कुछ गलत होने की आशंका पर रिक्शा से कूद गई। छात्रा की शिकायत मिलते ही टेढ़ी पुलिया से घटना स्थल तक करीब दर्जन भर सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खांगाली। जिससे चालक और ई-रिक्शा सवार लोगों की पहचान हुई।