
मैनपुरी में भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष के बेटे के अश्लील वीडियो वायरल मामले पर आप ने भाजपा की चुप्पी पर उठाए सवाल
मैनपुरी में भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष के बेटे के अश्लील वीडियो वायरल मामले पर आप ने भाजपा की चुप्पी पर उठाए सवाल
लखनऊ: मैनपुरी में भारतीय जनता पार्टी की महिला मोर्चा की मंडल अध्यक्ष के बेटे के 130 से अधिक अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की घटना ने राजनीतिक हलकों में सनसनी मचा दी है। इस मामले को लेकर उत्तर प्रदेश की आम आदमी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता वंशराज दुबे ने भाजपा की चुप्पी और संरक्षण को लेकर कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि आरोपी भाजपा नेत्री मीडिया और पुलिस के सवालों से बच रही हैं, फोन तक नहीं उठा रही हैं, जो इस अपराध को दबाने की कोशिश का स्पष्ट संकेत है।वंशराज दुबे ने कहा कि पिछले एक महीने से लगातार भाजपा नेताओं के कुकर्मों का खुलासा हो रहा है, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोनों की चुप्पी बनी हुई है। उन्होंने कहा कि भाजपा का “बेटी बचाओ” का नारा अब “बेटा बचाओ, वीडियो बनाओ और महिलाओं को धमकाओ” में बदल गया है। उन्होंने बेंगलुरु के नेता प्रज्वल रमन्ना के 2000 से अधिक अश्लील वीडियो वायरल होने के मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय प्रधानमंत्री मोदी ने कार्रवाई की थी, जबकि आज भाजपा की यह चुप्पी चिंताजनक है।वंशराज दुबे ने बलिया के भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य बब्बन सिंह और गोंडा जिला अध्यक्ष के अश्लील वीडियो वायरल होने की घटनाओं को भी याद दिलाया और कहा कि भाजपा नेताओं की चुप्पी इस बात का प्रमाण है कि उनके ऊपर संरक्षण है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के सदस्य बनना ही अपराध और महिलाओं के प्रति अभद्रता का लाइसेंस है, क्योंकि पार्टी इनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करती।इस दौरान उन्होंने अयोध्या के सरकारी अस्पतालों में दवाओं की कमी और दलाली की भी शिकायत की। उन्होंने बताया कि डॉक्टर मरीजों को दवा बाहर से लाने के लिए कहते हैं, लेकिन बाहर से दवा लाने पर पर्चे से उस दवा को काट दिया जाता है। साथ ही, उन्होंने बीएचयू में आईसीयू की खराब स्थिति का भी जिक्र किया और कहा कि पूरे बनारस में आईसीयू की पर्याप्त सुविधा नहीं है।अवध प्रांत अध्यक्ष विनय पटेल ने भी योगी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सीतापुर के चौंका बेहेमा गांव में जल जीवन मिशन के तहत ₹5.31 करोड़ की लागत से बनी पानी की टंकी महज दो महीने के इस्तेमाल के बाद धराशायी हो गई, जो सरकार की भ्रष्टाचार और लापरवाही की जीती-जागती मिसाल है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के हादसे घटिया सामग्री और भ्रष्टाचार के कारण होते हैं, और भाजपा की ‘हर घर जल’ योजना अब ‘हर घर छल’ बन चुकी है। जनता के पैसे से बने ढांचे भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रहे हैं, जबकि सरकार मौन बनी हुई है।
