
क्या तेजस्वी यादव को सीएम बना पाएगा,लालू यादव?
Lalu Yadav News: क्या लालू यादव को जो टोटका सीएम बनाया, वही टोटका इस बार तेजस्वी यादव भी आजमाने वाले हैं? दरअसल, लालू यादव की जगह अब तेजस्वी यादव पार्टी की कमान पूरी तरह से हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ गए हैं. तेज प्रताप यादव का पार्टी से निकालना इसी कड़ी से जोड़ा जा रहा है. दरअसल, राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष पद पर नया चेहरा लाने की तैयारी शुरू हो गई है, जो एक तरह से तेजस्वी यादव को सीएम बनाने के लिए ‘टोटका’ साबित हो सकता है. बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के मद्देनजर राष्ट्रीय जनता दल में नेतृत्व परिवर्तन की प्रक्रिया तेज हो गई है.

पार्टी के संगठनात्मक चुनावों के बाद तेजस्वी यादव के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने की संभावना प्रबल हो गई है, जिससे यह सवाल उठता है कि क्या यह कदम उन्हें मुख्यमंत्री पद की ओर अग्रसर करेगा? उनकी युवा अपील और “MY-BAAP” (मुस्लिम-यादव-बहुजन-आधी आबादी-पिछड़े) रणनीति ने पार्टी को नया आधार दिया है. आरजेडी में नया प्रदेश अध्यक्ष चुनने की चर्चा भी तेज है. वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के स्वास्थ्य कारणों से राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में अनुपस्थित रहने से यह कयास लगाया जा रहा है कि नया नेतृत्व सामने आ सकता है. सूत्रों के मुताबिक, रेस में कई नाम हैं, जिनमें तेजस्वी के करीबी माने जाने वाले संजय यादव और राजद सांसद मीसा भारती के समर्थक कुछ नेता शामिल हैं. हालांकि, कुछ एक्स पोस्ट्स में यह भी दावा किया गया कि मीसा भारती की चुप्पी और तेज प्रताप यादव के विवादास्पद बयानों से पार्टी में आंतरिक कलह की स्थिति बन रही है. लालू प्रसाद यादव ने अपने छोटे बेटे तेजस्वी प्रसाद यादव को पार्टी का सर्वेसर्वा बनाने का फैसला लगभग ले लिया है. इससे तेजस्वी की मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवारी न सिर्फ मजबूत होगी बल्कि पार्टी के भीतर भी वह सभी बड़े फैसले ले सकते हैं. 18 जनवरी 2025 को पटना में हुई आरजेडी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में लालू प्रसाद ने तेजस्वी को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के बराबर अधिकार दिए. इस प्रस्ताव के तहत तेजस्वी को पार्टी का नाम, चिह्न और कार्यक्रमों पर अंतिम निर्णय लेने की शक्ति मिली है. यह कदम लालू के खराब स्वास्थ्य को देखते हुए लिया गया, जिन्होंने 2014 में हृदय शल्य चिकित्सा और 2022 में किडनी प्रत्यारोपण करवाया था.