diwali horizontal

बिहार चुनाव से पहले बढ़ती हिंसा पर मायावती का हमला, कहा– BSP लड़ेगी अकेले चुनाव, EC उठाए सख्त कदम

0 69

बिहार चुनाव से पहले बढ़ती हिंसा पर मायावती का हमला, कहा– BSP लड़ेगी अकेले चुनाव, EC उठाए सख्त कदम

लखनऊ/पटना: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सुप्रीमो मायावती ने बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले बढ़ती हिंसा और जातीय अत्याचारों को लेकर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने सोमवार को एक बयान जारी कर कहा कि बिहार में खासकर दलितों, अति-पिछड़ों, शोषितों, गरीबों और महिलाओं के खिलाफ जुल्म-ज्यादती और हत्या के मामले लंबे समय से चिंता का विषय रहे हैं, लेकिन हालिया घटनाएं राज्य की कानून व्यवस्था की पोल खोल रही हैं।मायावती ने भाजपा के एक प्रमुख उद्योगपति और नेता गोपाल खेमका की राजधानी पटना में हुई सनसनीखेज़ हत्या का हवाला देते हुए कहा कि इससे राज्य में न सिर्फ कानून व्यवस्था की बदहाली उजागर हुई है बल्कि बिहार की राजनीति भी गर्मा गई है। उन्होंने चुनाव आयोग से अपील की कि इस प्रकार की हिंसक घटनाओं पर “अभी से ही संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई” की जाए ताकि आगामी विधानसभा चुनाव शांति व निष्पक्षता के साथ संपन्न हो सकें।मायावती ने कहा कि मतदाता सूची के विशेष सघन पुनरीक्षण के दौरान इस तरह की घटनाओं के पीछे कौन लोग हैं और किनके स्वार्थ पूरे किए जा रहे हैं, यह सवाल अब जनता के बीच चर्चा का विषय बन गया है। उन्होंने बिहार की गठबंधन सरकार को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा कि यह देखना दिलचस्प होगा कि इन घटनाओं का क्या असर राज्य के आगामी राजनीतिक समीकरणों और चुनावी नतीजों पर पड़ेगा।बसपा प्रमुख ने दोहराया कि उनकी पार्टी, जो खासकर दलितों, पिछड़ों, शोषितों, गरीबों और मजदूरों की पार्टी है, बिहार विधानसभा चुनाव अकेले अपने बलबूते पर लड़ेगी। उन्होंने कहा कि बसपा अपने कैडर और शुभचिंतकों के बल पर चुनावी मैदान में उतरेगी और किसी भी गठबंधन का हिस्सा नहीं बनेगी।अंत में मायावती ने चुनाव आयोग से मांग की कि बिहार चुनाव को सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग, बाहुबल, धनबल और अपराध बल से मुक्त कराने के लिए जो भी सख्त कदम आवश्यक हों, उन्हें समय रहते उठाया जाए, ताकि चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में संपन्न हो सकें।

Leave A Reply

Your email address will not be published.