diwali horizontal

योगी सरकार के खिलाफ आम आदमी पार्टी का ‘स्कूल बचाओ आंदोलन’, संजय सिंह ने मेरठ में किया पैदल मार्च

0 60

योगी सरकार के खिलाफ आम आदमी पार्टी का ‘स्कूल बचाओ आंदोलन’, संजय सिंह ने मेरठ में किया पैदल मार्च

मेरठ,लखनऊ: उत्तर प्रदेश में प्राथमिक स्कूलों को बंद करने और शराब की दुकानें बढ़ाने के खिलाफ आम आदमी पार्टी ने बुधवार को योगी सरकार के खिलाफ ज़ोरदार प्रदर्शन किया। आप के उत्तर प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने मेरठ के प्राथमिक विद्यालय गोटका से प्राथमिक विद्यालय गगोल नंबर 2 तक कार्यकर्ताओं, बच्चों और अभिभावकों के साथ पैदल मार्च किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सरकार की शिक्षा विरोधी नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।संजय सिंह ने आरोप लगाया कि योगी सरकार गरीब, दलित, पिछड़े और वंचित समाज के बच्चों के भविष्य को अंधकार में धकेल रही है। उन्होंने कहा कि “सरकार प्रदेश में 27,000 प्राथमिक स्कूल बंद करने की तैयारी कर रही है, जबकि 27,308 शराब की दुकानें खोल दी गई हैं। यह शिक्षा के मंदिरों को बंद कर नशे के अड्डे खोलने की मानसिकता है।”
सांसद संजय सिंह ने कहा कि स्कूलों का बंद किया जाना शिक्षा के अधिकार अधिनियम (RTE) का खुला उल्लंघन है, जो प्रत्येक बच्चे को एक किलोमीटर के दायरे में स्कूल की गारंटी देता है। उन्होंने बताया कि स्कूलों की दूरी बढ़ने के कारण बालिकाओं सहित कई बच्चों की पढ़ाई छूट रही है।उन्होंने सवाल उठाया कि जब उत्तर प्रदेश में प्राथमिक स्तर पर 1.93 लाख शिक्षकों के पद खाली हैं, माध्यमिक में 3,872, और वरिष्ठ माध्यमिक में 8,714 शिक्षक नहीं हैं, तब भी सरकार नई भर्तियां क्यों नहीं कर रही? कई स्कूलों में केवल एक शिक्षक पूरे विद्यालय को चला रहा है।संजय सिंह ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा, “जब स्कूलों की हालत खस्ता हो रही थी, तब प्रदेश सरकार ने खजाना खाली होने के बावजूद हजारों शराब के ठेके खोल दिए। यही वजह है कि यूपी में प्रति छात्र वार्षिक शिक्षा खर्च केवल ₹9,167 है, जो राष्ट्रीय औसत ₹12,768 से काफी कम है।”उन्होंने यह भी कहा कि यह सब एक ऐसी सरकार कर रही है जो हर दिन ‘डबल इंजन’ की बात करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि “योगी सरकार बच्चों से किताबें छीनकर शराब की बोतल थमा रही है।”संजय सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी पूरे प्रदेश में “स्कूल बचाओ आंदोलन” चला रही है। गांव-गांव जाकर लोगों को बताया जा रहा है कि योगी सरकार शिक्षा को खत्म कर रही है। इस अभियान को “मधुशाला नहीं, पाठशाला चाहिए” के नारे के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।सांसद संजय सिंह ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही शिक्षक भर्ती, स्कूलों की मरम्मत और बंद स्कूलों को दोबारा शुरू करने की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए, तो आम आदमी पार्टी सड़क से लेकर सदन तक इस मुद्दे को पुरजोर तरीके से उठाएगी और हर मोर्चे पर सरकार को बेनकाब करेगी।उन्होंने कहा कि बाबा साहेब अंबेडकर ने शिक्षा को शेरनी का दूध कहा था, जिसे पीकर हर बच्चा समाज में बराबरी हासिल कर सकता है। लेकिन आज वही शिक्षा व्यवस्था संकट में है, जिसे आम आदमी पार्टी किसी कीमत पर बंद नहीं होने देगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.