diwali horizontal

लखनऊ ने किया अपने वीर पुत्र का भव्य स्वागत, अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला के आगमन पर उमड़ा जनसैलाब

0 51

लखनऊ ने किया अपने वीर पुत्र का भव्य स्वागत, अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला के आगमन पर उमड़ा जनसैलाब

लखनऊ: राजधानी लखनऊ सोमवार को इतिहास रचते हुए अपने वीर पुत्र और गौरव, भारतीय वायु सेना के जांबाज़ ग्रुप कैप्टन एवं अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला के स्वागत का साक्षी बनी। नगर निगम की ओर से आयोजित इस भव्य आयोजन में पूरा शहर गर्व और उल्लास से झूम उठा। एयरपोर्ट से लेकर शहर की गलियों तक “भारत माता की जय” और “जय हिंद” के नारों से गगन गूंज उठा और लोगों ने फूलों की वर्षा कर अपने अंतरिक्ष यात्री का अभिनंदन किया।लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल स्वयं एयरपोर्ट पहुंचीं और परिवार सहित उनका आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने कहा कि आज का दिन लखनऊ के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा। एक्सिओम मिशन-4 में मिशन पायलट के रूप में अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष केंद्र पर तिरंगा फहराकर शुभांशु शुक्ला ने भारत ही नहीं, अपने गृहनगर लखनऊ का भी सम्मान पूरी दुनिया में बढ़ाया है। महापौर ने उन्हें साहस, समर्पण और राष्ट्रभक्ति की जीवंत प्रेरणा बताया।एयरपोर्ट से शहर तक आयोजित विशेष रोडशो में हजारों नागरिक उमड़ पड़े। बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने हाथों में तिरंगा लेकर सड़क किनारे खड़े होकर उनका अभिवादन किया। जगह-जगह स्वागत द्वार बनाए गए थे और पूरे मार्ग पर पुष्पवर्षा होती रही। शहरवासियों ने कहा कि यह क्षण उनके लिए अविस्मरणीय है, क्योंकि उनके सामने लखनऊ का बेटा भारत का झंडा अंतरिक्ष में लहरा कर लौटा है।कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी अनिल कुमार, खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव, भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में मंत्रीगण, पार्टी पदाधिकारी, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी, कार्यकर्ता, पत्रकार और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।महापौर सुषमा खर्कवाल ने शहरवासियों की ओर से शुभांशु शुक्ला को बधाई देते हुए कहा कि उनका यह साहसिक कदम आने वाली पीढ़ियों को विज्ञान और राष्ट्रसेवा के नए आयाम स्थापित करने के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने कहा कि लखनऊ का यह गौरवशाली पल हर नागरिक के लिए प्रेरणा है और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्मरणीय रहेगा।पूरे आयोजन ने राजधानी को देशभक्ति और गर्व की भावना से सराबोर कर दिया। लखनऊ ने अपने वीर पुत्र का जिस आत्मीयता और गरिमा के साथ स्वागत किया, वह आने वाले वर्षों तक शहर के इतिहास का स्वर्णिम अध्याय बनकर स्मरण किया जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.