
लखनऊ में मिशन शक्ति 5.0 के तहत पिंक बूथ से शुरू हुआ महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण का नया अभियान
लखनऊ: पुलिस कमिश्नरेट की ओर से मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिला सुरक्षा और जागरूकता को नई गति देने के लिए पिंक बूथ 61, थाना मदेयगंज की टीम ने गुरुवार को डालीगंज क्रॉसिंग पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस कार्यक्रम में महिलाओं, छात्राओं और बच्चों को सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान की गईं।कार्यक्रम का नेतृत्व महिला हेड कांस्टेबल ज्योति, कांस्टेबल आंचल सिंह और कांस्टेबल आशा कुमारी ने किया। टीम ने लगभग 25 से 30 महिलाओं, छात्राओं और बच्चों को महिला सुरक्षा, कानूनी अधिकारों तथा नए कानूनों के बारे में विस्तार से जागरूक किया। इस दौरान पिंक बूथ, महिला हेल्प डेस्क, पिंक स्कूटी, साइबर क्राइम, यूपी कॉप ऐप आदि के बारे में जानकारी दी गई। टीम ने महिलाओं को 1090, 181, 112, 1098, 102, 108 और 1930 जैसे महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों से भी अवगत कराया।पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सेंगर के निर्देशन में लखनऊ कमिश्नरेट के सभी 54 थानों में मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किए जा चुके हैं, जहां निरीक्षक, उपनिरीक्षक और महिला कर्मियों की तैनाती कर महिलाओं की समस्याओं के त्वरित निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सुरक्षा जागरूकता, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा का महत्व, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, तथा डिजिटल सुरक्षा को बढ़ावा देना रहा। टीम ने साइबर अपराध से बचाव और ऑनलाइन सुरक्षा से जुड़े सुझाव भी साझा किए।मिशन शक्ति 5.0 के तहत चल रहा यह अभियान महिलाओं और बच्चियों को सुरक्षित वातावरण प्रदान करने के साथ ही उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।
