
नगराम में शराब के नशे में युवक की हत्या, पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा; निर्दोषों को फंसाने की साजिश नाकाम
नगराम में शराब के नशे में युवक की हत्या, पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा; निर्दोषों को फंसाने की साजिश नाकाम
लखनऊ: नगराम थाना क्षेत्र के ग्राम कुबहरा में एक युवक की बेल्ट से गला कसकर हत्या किए जाने की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस जांच में यह सनसनीखेज खुलासा हुआ है कि युवक की हत्या शराब के नशे में आपसी विवाद के बाद उसके ही गांव के एक युवक ने की थी। पुलिस ने हत्या के मामले में नामजद किए गए छह निर्दोष ग्रामीणों को जेल जाने से बचा लिया और असली हत्यारे को गिरफ्तार कर लिया है।घटना 4 मई की शाम की है, जब ग्राम कुबहरा निवासी महेश अपने घर से निकला लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। अगले दिन सुबह उसका शव गांव के ही रामदीन के खेत में, एक कब्र के ऊपर खून से लथपथ हालत में मिला। मृतक के गले में बेल्ट कसी हुई थी। यह देख गांव में सनसनी फैल गई। मृतक की पत्नी सुनीता ने गांव के छह लोगों – रामदीन, लवकुश, दीपू, विनीता, रेशमा और सुरेंद्र – के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए नगराम थाने में मुकदमा दर्ज कराया।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त दक्षिणी के निर्देशन में नगराम थाना, सर्विलांस सेल और अन्य टीमों को मिलाकर जांच शुरू की गई। पुलिस ने गांव और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, 55 से अधिक लोगों से वैज्ञानिक ढंग से पूछताछ की और तकनीकी साक्ष्यों को जोड़ा। जांच में सामने आया कि घटना के दिन महेश और गांव का ही निवासी मंशाराम उर्फ अवधेश कुमार, जो मजदूरी करता है, दोनों ने साथ बैठकर शराब पी थी। नशे में दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद मंशाराम ने गुस्से में महेश को धक्का दिया जिससे वह सिर के बल गिर पड़ा। फिर मंशाराम ने अपनी बेल्ट से महेश का गला कसकर उसकी हत्या कर दी।हत्या के बाद पुलिस को गुमराह करने के इरादे से मंशाराम ने शव को रामदीन के खेत में स्थित कब्र पर रख दिया, ताकि शक रामदीन के परिवार पर जाए। वह मौके पर अपनी बेल्ट और एक चप्पल छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने जब जांच आगे बढ़ाई तो घटनास्थल पर मिली चप्पल का जोड़ा मंशाराम के घर से बरामद हुआ, जिससे पूरी साजिश का भंडाफोड़ हो गया।पुलिस ने 14 मई को मंशाराम को गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी नगराम थाने में गंभीर धाराओं में एक मामला दर्ज है।पुलिस की इस सफल कार्रवाई से जहां हत्या की साजिश बेनकाब हुई है, वहीं छह निर्दोष ग्रामीणों को झूठे मुकदमे में फंसने से बचाया गया। इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए नगराम थाना और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम को 25 हजार रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। इस कार्रवाई से क्षेत्रीय जनता में पुलिस के प्रति विश्वास और भरोसा और भी मजबूत हुआ है।
