
स्कूल बंदी के खिलाफ आम आदमी पार्टी का आंदोलन तेज, संजय सिंह बोले— अगर स्कूल नहीं खुले तो गांव-गांव होगा संघर्ष
स्कूल बंदी के खिलाफ आम आदमी पार्टी का आंदोलन तेज, संजय सिंह बोले— अगर स्कूल नहीं खुले तो गांव-गांव होगा संघर्ष
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में सरकारी स्कूलों को बंद किए जाने के खिलाफ आम आदमी पार्टी ने अपना आंदोलन और तेज कर दिया है। रविवार को आप के प्रदेश प्रभारी व राज्यसभा सांसद संजय सिंह भारी बारिश के बावजूद कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ लखनऊ के लक्ष्मणपुर गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय नरवल पहुंचे। यह वही विद्यालय है जिसे हाल ही में बंद कर दिया गया है। संजय सिंह ने यहां बच्चों और उनके अभिभावकों से मुलाकात कर सरकार के फैसले पर नाराजगी जताई और चेतावनी दी कि यदि सोमवार तक यह विद्यालय दोबारा नहीं खोला गया, तो आम आदमी पार्टी ज़ोरदार आंदोलन करेगी।संजय सिंह ने स्पष्ट कहा कि प्रदेश में एक भी सरकारी स्कूल बंद नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि आम जनता और पार्टी के विरोध के चलते सरकार बैकफुट पर आई है, और अब एक किलोमीटर के दायरे में स्थित स्कूलों को मर्ज नहीं किया जाएगा। इसी तरह 50 से अधिक छात्र संख्या वाले स्कूल भी मर्ज की प्रक्रिया से बाहर होंगे। इसे उन्होंने जनता की आंशिक जीत बताया, लेकिन यह भी दोहराया कि जब तक अंतिम बंद स्कूल दोबारा नहीं खुल जाता, आंदोलन जारी रहेगा।आप सांसद ने सरकार को चुनौती देते हुए कहा कि योगी सरकार के नए आदेश के अनुसार जो भी स्कूल पहले चरण में खोले जाने हैं, उन्हें अविलंब खोला जाए और बच्चों के लिए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं, अन्यथा पार्टी पूरे प्रदेश में गांव-गांव जाकर आंदोलन करेगी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि शराब की दुकानें तीन सौ मीटर की दूरी पर खोली जा सकती हैं, लेकिन स्कूलों के लिए तीन किलोमीटर की बाध्यता क्यों?संजय सिंह ने सरकार पर गरीबों, दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों के बच्चों को शिक्षा से दूर करने की साजिश रचने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि दिल्ली और पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकारों ने साबित किया है कि सरकारी स्कूल भी अंतरराष्ट्रीय स्तर के हो सकते हैं, लेकिन उत्तर प्रदेश की सरकार उन्हें बंद करके शिक्षा व्यवस्था को तबाह कर रही है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे उन सभी स्कूलों पर जाएं जिन्हें बंद कर दिया गया है और देखें कि वे दोबारा खुले या नहीं। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन अब निर्णायक मोड़ पर है और सरकार को यह भ्रम नहीं पालना चाहिए कि कुछ छूट देकर वह जनता की आंखों में धूल झोंक सकती है। आम आदमी पार्टी तब तक संघर्ष करेगी जब तक प्रदेश का हर स्कूल दोबारा खुल नहीं जाता।इसी दौरान संजय सिंह पहलगाम हमले में शहीद हुए स्वर्गीय शुभम द्विवेदी के घर भी पहुंचे और उनके परिवार से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि उन्होंने संसद में शुभम द्विवेदी को शहीद का दर्जा देने की मांग उठाई थी और अब प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर फिर से यह मांग रखेंगे। उन्होंने कहा कि शहीदों के परिजनों को सरकारी नौकरी और मुआवजा दिया जाना चाहिए, और इस मुद्दे को वे हर मंच पर उठाते रहेंगे।संजय सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी हर पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और किसी भी कीमत पर शिक्षा का अधिकार छीनने नहीं देगी।
