
ऊँचाहार/रायबरेली : क्षेत्र के छिपिया मजरे इटौरा बुजुर्ग स्थित संगठन कार्यालय पर करणी सेना भारत के कार्यकर्ताओं ने तांडव वेब सीरीज के विरोध में पुतला दहन कर अपना विरोध जाहिर किया। शुक्रवार को कार्यालय पर करणी सेना भारत युवा प्रकोष्ठ के जिला प्रभारी सूरज सिंह भदौरिया की अगुवाई में दर्जनों कार्यकर्ताओं ने अभी हाल ही में आयी तांडव वेब सीरीज के निर्माता निर्देशक का पुतला दहन करके अपना विरोध जाहिर किया।
वहीं जिला प्रभारी सूरज सिंह भदौरिया ने कहा कि इस वेब सीरीज में देवी देवताओं पर की गई अमर्यादित सीन को हटाया जाये इसमें शामिल सभी पर कड़ी कार्यवाही की जाये नहीं तो करणी सेना भारत तांडव करने को बाध्य होगी। इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष रजवंत सिंह, श्याम सिंह, राजकुमार सिंह, अभिषेक सिंह, अरविंद सिंह, अजय पांडे समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।