diwali horizontal

अखिलेश यादव का भाजपा सरकार पर हमला: “उत्तर प्रदेश में अपराधियों का राज, जनता आतंक में जी रही है”

0 99

अखिलेश यादव का भाजपा सरकार पर हमला: “उत्तर प्रदेश में अपराधियों का राज, जनता आतंक में जी रही है”

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सरकार का दावा था कि अपराधी या तो अपराध छोड़ देंगे या प्रदेश छोड़ देंगे, लेकिन हकीकत यह है कि सिर्फ अपराधी ही बेखौफ हैं और वही सुरक्षित हैं, जिन पर अभी अपराधियों की नजर नहीं पड़ी है।अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में जंगलराज फैल चुका है, हत्या, लूट, डकैती और बलात्कार रोज़ की घटनाएं बन गई हैं। पुलिस निरंकुश हो चुकी है, जबकि मुख्यमंत्री अपने भाषणों से आत्ममुग्ध हैं और शासन-प्रशासन गहरी नींद में सोया हुआ है।उन्होंने राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में हालिया आपराधिक घटनाओं का हवाला देते हुए कहा कि शायद ही कोई दिन ऐसा गुजरता हो जब कोई जघन्य वारदात न होती हो। उन्होंने दलित समुदाय पर हो रहे उत्पीड़न को लेकर भी भाजपा सरकार की निंदा की। उन्होंने बाराबंकी की घटना का ज़िक्र करते हुए बताया कि दलित युवक शैलेन्द्र गौतम को मंदिर में प्रवेश से रोका गया और उसकी बेरहमी से पिटाई की गई। वहीं कासगंज में युवती को बंधक बनाकर दुष्कर्म और अलीगढ़ में किशोरी से गैंगरेप की घटनाएं भी प्रदेश की बदहाल व्यवस्था को उजागर करती हैं।सपा प्रमुख ने कहा कि सहारनपुर में एक नृत्यांगना के घर से लाखों की चोरी हुई, मथुरा में दिनदहाड़े घर में घुसकर लूट की वारदात को अंजाम दिया गया। “अब प्रदेश में लोग आतंक और भय के साए में जी रहे हैं”, उन्होंने कहा।अखिलेश यादव ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की विफलताओं के चलते उत्तर प्रदेश की वैश्विक स्तर पर बदनामी हो रही है, महिलाएं और बच्चियां सुरक्षित नहीं हैं, कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है, जिससे निवेश और उद्योग की संभावनाएं भी खत्म हो गई हैं। उन्होंने दावा किया कि “जो उद्योग लगे हैं वे भी अब राज्य से बाहर जाने का मन बना रहे हैं।”पूर्व मुख्यमंत्री ने एक बड़े घोटाले में संलिप्त फरार आईएएस अधिकारी का मामला भी उठाया और पूछा कि आखिर महीनों बाद भी पुलिस उन्हें क्यों नहीं खोज पाई। उन्होंने धर्मांतरण और आतंकी साजिशों पर भी सरकार की लापरवाही की बात कही।अखिलेश यादव ने कहा कि “जनता भाजपा सरकार की कारगुजारियों से ऊब चुकी है और अब 2027 के विधानसभा चुनाव का इंतजार कर रही है, जब वह अपने वोट की ताकत से भाजपा का सफाया करेगी।”

Leave A Reply

Your email address will not be published.