diwali horizontal

अखिलेश यादव का भाजपा पर तीखा हमला : कहा – आस्था को व्यापार बना रही भाजपा, वृंदावन की गलियां तोड़ना विरासत का अपमान

0 67

अखिलेश यादव का भाजपा पर तीखा हमला : कहा – आस्था को व्यापार बना रही भाजपा, वृंदावन की गलियां तोड़ना विरासत का अपमान

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा सरकार पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि वह विरासत को नष्ट कर रही है और आस्था को व्यापार में बदल रही है। उन्होंने वृंदावन कॉरिडोर परियोजना को “जमीनों का खेल” बताया और कहा कि भाजपा की नजर जमीनों पर है, न कि विकास पर। वृंदावन की गलियों को तोड़ा जा रहा है, जबकि वही गलियां आस्था और संस्कृति की जीवंत मिसाल हैं।उन्होंने कहा कि कॉरिडोर रास्ता नहीं, आस्था है। वृंदावन की गलियां राधा-कृष्ण की भक्ति की धरोहर हैं, जिनका अपना ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व है। भाजपा इन गलियों को चौड़ा करने के नाम पर नष्ट कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर चौड़े रास्ते से भीड़ नियंत्रित होती तो कुंभ मेले में भगदड़ क्यों होती?अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार न तो विरासत को समझती है और न ही उसका सम्मान करना जानती है। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल तोड़फोड़ में विश्वास रखती है। अयोध्या में जमीनों की हेराफेरी, वाराणसी में हजारों मंदिरों को गिराने के बाद अब वृंदावन को भी वही हश्र झेलना पड़ रहा है। उन्होंने भाजपा की इस नीति को “कॉरिडोर करप्शन” की संज्ञा दी और कहा कि आस्था की आड़ में भाजपा अपने लोगों को लाभ पहुंचा रही है और करोड़ों रुपये का घोटाला कर रही है।उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार कांवड़ यात्रा जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजनों के लिए भी कोई ठोस व्यवस्था नहीं कर पाई है। बीते 20 वर्षों में भाजपा ने एक भी कांवड़ कॉरिडोर नहीं बनाया। कांवड़ियों के लिए विश्राम, पानी और खानपान की व्यवस्था नदारद है। समाजवादी सरकार बनने पर नया कांवड़ कॉरिडोर तैयार किया जाएगा ताकि श्रद्धालुओं को कोई कठिनाई न हो।अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने नदियों की सफाई के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च किए लेकिन हालत बद से बदतर हो गई है। गोमती, यमुना और वरुणा नदियों में गंदगी है, सीवर ट्रीटमेंट प्लांट बंद पड़े हैं, और नदियों में सीधे नालों का पानी डाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार के कार्यकाल में बने गोमती रिवर फ्रंट और वरुणा रिवर फ्रंट को भाजपा सरकार ने बर्बाद कर दिया।पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी सरकार ने अंतरराष्ट्रीय स्तर का इकॉना स्टेडियम, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे, लोहिया पार्क, किसान बाजार जैसे विश्वस्तरीय कार्य किए, जिन्हें विरोधी भी सराहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार केवल प्रचार और झूठ पर टिकी है, जबकि जमीन पर उसका कोई काम नहीं दिखाई देता।उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में ट्रस्टों, मंदिरों और तालाबों की जमीनों पर अवैध कब्जा किया जा रहा है। धार्मिक ट्रस्टों को भी नहीं बख्शा गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा में अब तीन गुट हो चुके हैं — एक खुदमुख्तार, दूसरा दिल्ली का उम्मीदवार और तीसरा संघी साथी।अखिलेश यादव ने जनता से अपील की कि 2027 में आने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से बेदखल करें। उन्होंने कहा कि जब समाजवादी सरकार आएगी तो जमीनों की हेराफेरी, मुआवजा घोटाले और भ्रष्टाचार की पूरी जांच कराई जाएगी और दोषियों को सजा दिलाई जाएगी।इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, विधायक अमिताभ बाजपेयी, पूर्व सांसद वीरपाल यादव, राम आसरे विश्वकर्मा, सतीश निगम, उदयवीर सिंह और मथुरा के जिलाध्यक्ष वीरेंद्र यादव सहित कई अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.