
राजकीय आईटीआई, लखनऊ में आयोजित रोजगार मेले में 59 युवाओं को मिला नौकरी का अवसर
मुख्यमंत्री मिशन रोजगार योजना के तहत प्रतिष्ठित कंपनियों ने किया प्रतिभाग, 10 से 21 हजार तक का मिलेगा वेतन
लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप संचालित मुख्यमंत्री मिशन रोजगार योजना के अंतर्गत सोमवार को राजधानी स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), अलीगंज में रोजगार मेले का सफल आयोजन किया गया। इस मेले का उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराना रहा।रोजगार मेले में टाटा मोटर्स, इयूजीनिक्स मेडी साइंस प्राइवेट लिमिटेड, वी विन लिमिटेड, डीलक्स बियरिंग, पेटीएम और एजेस फेडरल लाइफ इंश्योरेंस जैसी देश की जानी-मानी कंपनियों ने प्रतिभाग किया। इन कंपनियों के प्रतिनिधियों ने युवा प्रतिभाओं से संवाद किया और विभिन्न पदों के लिए उनकी योग्यताओं के अनुसार चयन प्रक्रिया संपन्न की।राजकीय आईटीआई के प्रधानाचार्य राज कुमार यादव ने इस अवसर पर कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुसार युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने प्रतिभागी अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कंपनियों से आग्रह किया कि अधिक से अधिक उम्मीदवारों को रोजगार का अवसर प्रदान करें।आईटीआई के ट्रेनिंग, काउंसिलिंग एवं प्लेसमेंट ऑफिसर एम.ए. खाँ ने बताया कि रोजगार मेले में कुल 122 अभ्यर्थी सम्मिलित हुए, जिनमें से 90 अभ्यर्थी अर्ह पाए गए। इन सभी का कंपनियों द्वारा साक्षात्कार लिया गया, जिसके उपरांत 59 युवाओं का विभिन्न पदों के लिए चयन किया गया। चयनित अभ्यर्थियों को 10,000 से 21,000 रुपये प्रतिमाह तक का वेतन मिलेगा।आगामी रोजगार मेले की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि जो युवा इस बार किसी कारणवश मेले में प्रतिभाग नहीं कर सके, वे आगामी 31 जुलाई 2025 को राजकीय आईटीआई, अलीगंज में आयोजित होने वाले अगले रोजगार मेले में शामिल होकर अवसर प्राप्त कर सकते हैं।
रोजगार मेले को सफल बनाने में संस्थान के अनुदेशक मकबूल कादिर, ज़ेड रहमान, ग्रे सिम फाउंडेशन एवं क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय के कर्मचारियों का सराहनीय सहयोग रहा। मेले के सफल आयोजन से युवाओं में रोजगार को लेकर आशा और उत्साह का नया संचार देखने को मिला।
