diwali horizontal

जनता की समस्याएं सुनने खुद पहुंचे उपमुख्यमंत्री: 3 दर्जन से अधिक जिलों से आए फरियादियों को मिला भरोसा, अधिकारियों को दिया त्वरित समाधान का निर्देश

0 107

जनता की समस्याएं सुनने खुद पहुंचे उपमुख्यमंत्री: 3 दर्जन से अधिक जिलों से आए फरियादियों को मिला भरोसा, अधिकारियों को दिया त्वरित समाधान का निर्देश

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को अपने लखनऊ कैम्प कार्यालय में जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए सैकड़ों लोगों की समस्याएं ध्यानपूर्वक सुनीं और उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। जनता दर्शन में शामिल हुए लोगों ने भूमि विवाद, राजस्व संबंधित मुद्दों, चिकित्सा सहायता, पेंशन, आवास, सड़क, बिजली-पानी, पुलिस कार्रवाई, शिक्षा और रोजगार से जुड़ी शिकायतें उप मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं।उप मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जनता दर्शन आमजन से सीधे संवाद का सशक्त माध्यम है, जिससे जमीनी स्तर की वास्तविक स्थिति का पता चलता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं के समाधान में कोई शिथिलता नहीं होनी चाहिए। उप मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि जिन मामलों में आवश्यकता हो, वहां अधिकारियों को मौके पर जाकर निरीक्षण कर त्वरित समाधान सुनिश्चित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कोई भी पीड़ित व्यक्ति निराश न लौटे, यही सरकार की प्राथमिकता है।जनता दर्शन में बड़ी संख्या में पुरुष, महिलाएं, बुजुर्ग और युवा उपस्थित रहे। उप मुख्यमंत्री स्वयं लोगों के पास पहुंचे और एक-एक व्यक्ति की बात गंभीरता से सुनी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि फरियादियों की समस्याओं का समाधान इस तरह से हो कि उन्हें दोबारा किसी अधिकारी या कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता हर जरूरतमंद व पात्र व्यक्ति को सभी सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना है। उन्होंने अधिकारियों से यह भी कहा कि उत्पीड़न, अवैध कब्जों और भूमि विवादों से संबंधित मामलों को पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ निपटाया जाए और जहां आवश्यकता हो, कठोर कार्रवाई की जाए।जनता दर्शन में लगभग तीन दर्जन जिलों के फरियादी उपस्थित थे। उप मुख्यमंत्री ने फर्रूखाबाद, बस्ती, बाराबंकी, बदायूं, सुल्तानपुर, कौशांबी, बरेली, आगरा, फिरोजाबाद और शाहजहांपुर के जिलाधिकारियों व पुलिस अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर संबंधित मामलों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।उन्होंने विशेष रूप से भूमि विवादों के समाधान के लिए राजस्व व पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर भेजने को कहा ताकि ठोस और त्वरित समाधान हो सके। महिलाओं, दिव्यांगों और बुजुर्गों की समस्याओं को प्राथमिकता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक निर्देश जारी किए गए।उप मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार जनता के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और सभी समस्याओं का समाधान समयबद्ध और संतुष्टिपरक ढंग से किया जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.