
भाजपा राज में लोकतंत्र, पत्रकारिता और जनहित पर हमला: अखिलेश यादव
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि जिस सरकार की नीतियों में ‘जीरो टॉलरेंस’ का ढोल पीटा जा रहा है, उसी सरकार में अपराधियों को संरक्षण मिल रहा है और सच्चाई बोलने वालों का दमन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सत्ता में लोकतंत्र कमजोर हुआ है, असहिष्णुता और नफरत को खुली छूट मिली है और भ्रष्टाचार चरम पर है।अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा में शामिल कई नेता खुलेआम कानून की धज्जियां उड़ा रहे हैं। भाजपा नेताओं के आपत्तिजनक वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें अश्लीलता की सारी हदें पार होती दिख रही हैं। उन्होंने कहा कि कोई भाजपा नेता सेक्स रैकेट चलाते पकड़ा जा रहा है, तो कोई सार्वजनिक रूप से दुष्कर्म जैसे अपराधों में संलिप्त पाया जा रहा है। भूमाफिया गरीबों की जमीनों पर जबरन कब्जा कर रहे हैं और भाजपा प्रवक्ता सार्वजनिक मंचों पर भाषा की मर्यादा का उल्लंघन कर रहे हैं।पत्रकारों के उत्पीड़न का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि जो पत्रकार सरकारी भ्रष्टाचार का भंडाफोड़ करते हैं, उन्हें झूठे मुकदमों में फंसाया जा रहा है। उन्होंने पीलीभीत के एक पत्रकार का उदाहरण देते हुए कहा कि जब उसने निर्माण कार्य में घटिया ईंट लगाने की खबर छापी तो उस पर रंगदारी वसूलने का झूठा आरोप लगाकर एफआईआर कर दी गई। उत्पीड़न से आहत पत्रकार ने अपनी पत्नी के साथ कैमरे के सामने ज़हर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया, तब जाकर प्रशासन हरकत में आया। उन्होंने सवाल किया कि जब भ्रष्टाचार की स्थिति इतनी भयावह हो गई है कि लोगों को जान देनी पड़ रही है, तो फिर ‘आजादी के अमृतकाल’ का दिखावा क्यों?पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार में अवैध गतिविधियां सरेआम हो रही हैं और इनके पीछे नेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों की मिलीभगत होती है। उन्होंने अवैध खनन, पहाड़ों की कटाई और घटिया निर्माण कार्यों को इसका उदाहरण बताया। जल जीवन मिशन के तहत बनी पानी की टंकियों की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि बांदा में एक करोड़ रुपये की लागत से बनी टंकी टेस्टिंग में फेल हो गई, जबकि कई जिलों में टंकियाँ फट चुकी हैं। आगरा के सिकंदरा क्षेत्र में यमुना नदी में अवैध खनन से बने गड्ढों में नहाने गई छह बच्चियों की मौत की घटना को उन्होंने भयावह और शर्मनाक बताया।अखिलेश यादव ने कहा कि सत्ता का संरक्षण प्राप्त गुंडे खुलेआम अराजकता फैला रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि गाजीपुर में भाजपा के जिला उपाध्यक्ष ने समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता के परिवार को पिस्टल दिखाकर धमकाया, वहीं एक पूर्व विधायक को वर्तमान विधायक के बेटे द्वारा ‘घर से उठवा लेने’ की धमकी दी गई।उन्होंने कहा कि भाजपा का असली चेहरा अब जनता के सामने है। “ये वही संस्कार हैं जो भाजपा का चाल, चरित्र और चेहरा उजागर करते हैं। धर्म और राष्ट्रवाद की आड़ में भाजपा असल में भ्रष्टाचार और अपराध को पोषित करती है।”
