diwali horizontal

बीबीएयू विधि विभाग ने ‘आयुष्मान भारत दिवस’ पर ग्रामीण क्षेत्र में लगाया विधिक सहायता शिविर

0 57

बीबीएयू विधि विभाग ने ‘आयुष्मान भारत दिवस’ पर ग्रामीण क्षेत्र में लगाया विधिक सहायता शिविर

लखनऊ: बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय, लखनऊ के विधि विभाग की ओर से ‘आयुष्मान भारत दिवस’ के अवसर पर सरोजिनी नगर के ग्राम गेहरू स्थित छंगालाल मेमोरियल स्कूल में विधिक सहायता शिविर का आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य नागरिकों को स्वास्थ्य के अधिकार एवं उससे जुड़ी संवैधानिक व सरकारी योजनाओं की जानकारी देना तथा उनके प्रति जागरूकता उत्पन्न करना था।कार्यक्रम का संचालन विधिक सहायता केंद्र के संयोजक डॉ. प्रदीप कुमार ने किया। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को ‘आयुष्मान भारत दिवस’ के महत्व और भारतीय संविधान के तहत स्वास्थ्य के अधिकार की व्याख्या करते हुए बताया कि यह अधिकार एक समग्र और मौलिक जीवन जीने का आधार है। स्कूल के प्राचार्य शिव कुमार कश्यप ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए इस पहल की सराहना की।
इस विधिक शिविर में डॉ. सुफिया अहमद, डॉ. अनीस अहमद और डॉ. मुजीबुर्रहमान के निर्देशन में विधि विभाग के विद्यार्थियों ने प्रतिभागियों को केन्द्र व राज्य सरकारों की स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न योजनाओं जैसे आयुष्मान भारत, जन आरोग्य योजना, मातृ वंदना योजना आदि की जानकारी दी। शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने इन जानकारियों में गहरी रुचि दिखाई।डॉ. नितीश कुमार चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने विधिक सहायता सेवाओं के सामाजिक महत्व को समझा और जनहित में अपने योगदान को लेकर प्रतिबद्धता व्यक्त की।कार्यक्रम के अंत में विधि अध्ययन विद्यापीठ के संकायाध्यक्ष प्रो. संजीव कुमार चढ्ढा और विधि विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. सुदर्शन वर्मा को उनके प्रेरणादायी मार्गदर्शन के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया गया।इस अवसर पर विधि विभाग के शिक्षकगण, शोधार्थी, बीए एलएलबी के विद्यार्थी, स्कूल के शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। आयोजन ने ग्रामीण क्षेत्र में संवैधानिक अधिकारों की समझ बढ़ाने में प्रभावी भूमिका निभाई।

Leave A Reply

Your email address will not be published.