
सहारनपुर : प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के अंतर्गत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सिंगल क्लिक कार्यक्रम के तहत सहारनपुर के 5943 लाभार्थियों को उनके आवास की धनराशि बैंक खातों में ऑनलाइन हस्तांतरित की। प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना व प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के लाभार्थियों को जिलाधिकारी व जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रमाण पत्र भी वितरित किये गए। इससे पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रदेश के विभिन्न लाभार्थियों से किया गया वर्चुअल संवाद भी लाभार्थियों को सुनवाया गया।
सर्किट हाउस में जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) व नगर निगम द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना और प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के लाभार्थियों से किये गए वर्चुअल संवाद का लाइव प्रसारण किया गया। वर्चुअल संवाद में उन्होंने विभिन्न शहरों के लाभार्थियों से पूछा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना में ऋण स्वीकृत कराने या प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना में उन्हें किसी को कोई घूस तो नहीं देनी पड़ी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनकी सरकार में पारदर्शिता के साथ कार्य किया जा रहा है। सभी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लाभार्थियों को मिल रहा है। सौ के सौ पैसे सीधे लाभार्थी के खाते में जा रहे हैं। बीच में कोई कमीशन एजेंट या दलाल नहीं है। मुख्यमंत्री ने सहारनपुर के किसी लाभार्थी से संवाद नहीं किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने सिंगल क्लिक के माध्यम से लखनऊ से ही प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के अंतर्गत प्रदेश के 2 लाख 853 लाभार्थियों को 1341.17 करोड़ रुपये की धनराशि ऑनलाइन हस्तांतरित की। इनमें सहारनपुर के 5943 लाभार्थियों के खातों में भी उक्त योजना का धन हस्तांतरित किया गया है। नगरायुक्त व डूडा के परियोजना निदेशक ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा सिंगल क्लिक से आज प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के 3782 लाभार्थियों को प्रथम किश्त के रुप में 50-50 हजार, 1150 लाभार्थियों को द्वितीय किश्त के रुप में डेढ़-डेढ़ लाख और 1011 लाभार्थियों को तृतीय किश्त के रुप में 50-50 हजार रुपये हस्तांतरित किये गए है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के अंतर्गत पात्र व्यक्ति को उसकी अपनी भूमि पर मकान के लिए कुल ढ़ाई लाख रुपये तीन किश्तों में दिए जाते है। सहारनपुर में अब तक उक्त योजना के अंतर्गत करीब 12 हजार लोगों को मकान पूर्ण कर दिये जा चुके है और 9710 वेंडरों को पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत दस हजार रुपये का ऋण दिलाया जा चुका है।
दोनों योजनाओं के लाभार्थियों को जिलाधिकारी अखिलेश सिंह, नगरायुक्त ज्ञानेंद्रसिंह, रामपुर विधायक देवेंद्र निम, गंगोह विधायक चौधरी किरत सिंह, पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा, पूर्व विधायक राजीव गुुंबर, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ.महेन्द्र सिंह सैनी, महानगर अध्यक्ष राकेश जैन और अपर जिलाधिकारी प्रशासन अर्चना त्रिवेदी के अतिरिक्त पार्षद भूरासिंह प्रजापति, मनोज जैन, मनोज जैन, ज्योति अग्रवाल, कंचन धवन, पुनीत चौहान, मुकेश गक्खड़, रमन चौधरी व प्रदीप उपाध्याय, पार्षद प्रतिनिधि शकील प्रधान ने प्रमाण पत्र वितरित किये। इससे पूर्व सभी अतिथियों का नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह व सहायक नगरायुक्त अशोक प्रिय गौतम ने बुके देकर स्वागत किया। संचालन डॉ.वीरेन्द्र आज़म ने किया। कार्यक्रम में भाजपा किसान मोर्चा के विनय सैनी, चौ.बिजेंद्र सिंह, चौ.सत्यपालसिंह व भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय गुप्ता आदि भी मौजूद रहे।