diwali horizontal

कोविड वैक्सीन के आगमन पर डीएम ने जिला स्तरीय कोविड वैक्सीन भंडार का किया निरीक्षण

0 160
16 जनवरी से 13 सीएचसी पर 7860 हेल्थ वर्कर को पहले चरण में लगाई जाएगी वैक्सीन
वैक्सीनेशन को लेकर जनपद स्तर पर सभी तैयारियां पूर्ण : डीएम
अमेठी : जिलाधिकारी अरुण कुमार ने गुरुवार को कोविड वैक्सीन की पहली खेप जनपद में पहुंचने पर जनपद स्तरीय वैक्सीन भंडार (डिस्ट्रिक्ट वैक्सीन स्टोर) व कोल्ड चेन का निरीक्षण कर भंडारण, सुरक्षा व्यवस्था, निर्धारित तापमान सहित अन्य व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। बताते चलें कि जनपद में 16 जनवरी से सभी 13 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर कोविड वैक्सीन लगाई जाएगी, जिसमें प्रथम चरण में 7860 हेल्थ वर्करों का टीकाकरण किया जाएगा। जनपद में 976 वायल (9760 डोज) कोविड वैक्सीन प्राप्त हुई है, जिसमें एक वायल में .5ml के 10 डोज हैं, एक व्यक्ति को .5ml का डोज दिया जाएगा।
कोविड-19 को लेकर जनपद स्तर पर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। जिलाधिकारी द्वारा आज वैक्सीन भंडार का निरीक्षण कर वैक्सीन के रखरखाव, लाने ले जाने की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने कोविड वैक्सीनेशन को लेकर बताया कि जनपद में वैक्सीनेशन को लेकर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित सभी अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं, सेक्टर मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी लगा दी गई है, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है, सभी उप जिलाधिकारियों द्वारा भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि टीकाकरण के दौरान जिस क्रम में पोर्टल पर फीडिंग की गई है उसी क्रम से वैक्सीनेशन किया जाएगा, किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति को वैक्सीन नहीं लगाई जाएगी। वैक्सीनेशन के उपरांत बायोमेडिकल कूड़ा निस्तारण के लिए की भी व्यवस्था कर ली गई है इस हेतु संबंधित एजेंसी को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ अंकुर लाठर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ आशुतोष दुबे, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सुशील प्रताप सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक सुधीर रुंगटा, उप जिलाधिकारी गौरीगंज संजीव कुमार मौर्य सहित अन्य संबंधित मौजूद रहे।
Leave A Reply

Your email address will not be published.