diwali horizontal

शादी से एक दिन पहले लेखपाल ने की आत्महत्या, परिवार ने कानूनगो पर प्रताड़ना का लगाया आरोप

0 43

शादी से एक दिन पहले लेखपाल ने की आत्महत्या, परिवार ने कानूनगो पर प्रताड़ना का लगाया आरोप

फतेहपुर: फतेहपुर जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां शादी से ठीक एक दिन पहले लेखपाल सुधीर कुमार कोरी (25) ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। खुशियों से भरा घर एक ही पल में मातम में बदल गया। परिवार ने शव उठाने से इनकार कर दिया है और संबंधित कानूनगो पर काम का अत्यधिक दबाव डालने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज करने की मांग पर अड़ा है।

शादी की तैयारी के बीच दुखद घटना
सुधीर कुमार कोरी बिंदकी तहसील में लेखपाल के पद पर तैनात थे और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत जहानाबाद विधानसभा क्षेत्र में उनकी ड्यूटी लगी थी। उनकी शादी छह महीने पहले तय हुई थी और बुधवार को बारात सीतापुर गाँव जानी थी। घर में रिश्तेदार मौजूद थे और सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं।

कानूनगो पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप
परिवार का आरोप है कि क्षेत्रीय कानूनगो लगातार काम का दबाव बनाते थे और सुधीर को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। मृतक की बहन अमृता उर्फ रोशनी का कहना है कि शादी के लिए छुट्टी मांगी गई थी, लेकिन छुट्टी नहीं मिली। ड्यूटी पर न आने पर निलंबन की धमकी दी गई थी।
परिजनों के अनुसार, मंगलवार सुबह कानूनगो घर आए और सुधीर को कड़ी फटकार लगाई। इसके बाद सुधीर कमरे में गए और दरवाजा बंद कर लिया। कुछ देर बाद खिड़की से झांकने पर वे फांसी पर लटके मिले। मौसेरे भाई कृष्णदत्त ने भी कानूनगो द्वारा सुबह घर आकर दबाव डालने की पुष्टि की।

एफआईआर की मांग पर अड़े परिजन
घटना की सूचना मिलते ही राजस्व विभाग की टीम, पुलिस और जिलाधिकारी मौके पर पहुंचे। परिवार कानूनगो और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग पर अड़ा है। परिजनों का कहना है कि जब तक एफआईआर दर्ज नहीं होगी, वे शव नहीं उठने देंगे। पुलिस और प्रशासन लगातार परिवार को समझाने की कोशिश कर रहा है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.