
सर्वोदय विद्यालय की छात्राओं ने योग-व्यायाम में दिखाया कमाल, शिक्षिका अनुष्का प्रजापति के नेतृत्व में रचा गया अनुशासन और समर्पण का अद्भुत संगम
सर्वोदय विद्यालय की छात्राओं ने योग-व्यायाम में दिखाया कमाल, शिक्षिका अनुष्का प्रजापति के नेतृत्व में रचा गया अनुशासन और समर्पण का अद्भुत संगम
श्रावस्ती,लखनऊ: समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को योग और शारीरिक गतिविधियों के प्रति प्रेरित करने की दिशा में एक प्रभावशाली पहल देखी जा रही है। इसी क्रम में श्रावस्ती जिले के भयापुरवा भिनगा स्थित सर्वोदय विद्यालय में व्यायाम शिक्षिका अनुष्का प्रजापति के नेतृत्व में छात्राओं द्वारा प्रस्तुत योग प्रदर्शन चर्चा का विषय बना हुआ है।शिक्षिका अनुष्का प्रजापति के सशक्त मार्गदर्शन में विद्यालय की छात्राओं ने योग और शारीरिक क्रियाओं के समन्वय से पिरामिड फार्मेशन सहित कई आकर्षक और कलात्मक आकृतियों का प्रदर्शन किया। इन गतिविधियों में न केवल शारीरिक संतुलन और लयबद्धता देखने को मिली, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और टीमवर्क का भी सशक्त संदेश सामने आया।इस प्रेरक प्रयास की सराहना स्वयं समाज कल्याण विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने की है। उन्होंने शिक्षिका अनुष्का प्रजापति को बधाई देते हुए कहा कि उनके प्रशिक्षण से छात्राओं में न केवल शारीरिक दक्षता विकसित हो रही है, बल्कि उनमें आत्मबल, अनुशासन और समर्पण की भावना भी प्रबल हो रही है। मंत्री असीम अरुण ने उम्मीद जताई कि शिक्षिका भविष्य में भी इसी तरह से छात्राओं को प्रेरणा देती रहेंगी और सर्वोदय विद्यालयों को उत्कृष्टता की दिशा में आगे ले जाएंगी।शिक्षिका अनुष्का प्रजापति का यह प्रयास न केवल विद्यालय के लिए गर्व का विषय है, बल्कि यह समाज कल्याण विभाग की उस सोच को भी प्रतिध्वनित करता है जिसमें शिक्षा को केवल पाठ्य पुस्तकों तक सीमित न रखकर बच्चों के सम्पूर्ण विकास का माध्यम बनाया जा रहा है।
