
गोमतीनगर पुलिस ने वाहन बैटरी चोरी करने वाले गिरोह का किया पर्दाफाश, तीन शातिर चोर गिरफ्तार
लखनऊः पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के थाना गोमतीनगर की टीम ने वाहन से बैटरी चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक एक्साइड बैटरी, घटना में प्रयुक्त चारपहिया वाहन और पांच हजार रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस की इस कार्रवाई से बैटरी चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने में बड़ी कामयाबी मिली है।मामला 18 सितंबर का है जब विराटखण्ड गोमतीनगर निवासी शशि कुमार वर्मा और विनीतखण्ड निवासी मृदुल कृष्ण बाजपेयी की ओर से अलग-अलग बैटरी चोरी की शिकायत दर्ज कराई गई थी। दोनों ही मुकदमे थाना गोमतीनगर में दर्ज कराए गए और विवेचना उपनिरीक्षक समीर सिंह पटेल तथा म0उ0नि0 गुरप्रीत कौर द्वारा की जा रही थी। पुलिस जांच में सामने आया कि चोर हुंडई आई-10 कार से घूमकर वारदातों को अंजाम देते थे और बैटरी चोरी करके उसे बेचकर पैसे कमा रहे थे।20 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्वारी पुल के नीचे से तीनों अभियुक्तों को दबोच लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मुख्तार उर्फ भूरा निवासी बिजनौर, शिवम श्रीवास्तव उर्फ अभिजीत निवासी सेक्टर-6 मलेसयामऊ गोमतीनगर विस्तार और करन कुमार गौतम निवासी सेक्टर-6 मलेसयामऊ गोमतीनगर विस्तार शामिल हैं। इनके पास से एक एक्साइड बैटरी, ग्रे रंग की हुंडई आई-10 कार और 5000 रुपये नगद बरामद किए गए, जो चोरी की बैटरियों को बेचकर अर्जित धन था।पुलिस के अनुसार आरोपियों ने विनीतखण्ड और विराटखण्ड क्षेत्र से ई-रिक्शा व अन्य वाहनों की बैटरियां चोरी की थीं। बरामदी के आधार पर संबंधित मुकदमों में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। तीनों अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है।गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक समीर सिंह पटेल, निरीक्षक गुरप्रीत कौर, उपनिरीक्षक प्रवीण चौधरी, उपनिरीक्षक विनीत कुमार और कांस्टेबल कुलदीप कुमार शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ में और भी वारदातों का खुलासा होने की संभावना है।
