
लखनऊ नगर निगम जलकल विभाग में सेवानिवृत्त 9 कर्मचारियों को भावभीनी विदाई, महापौर ने जताया आभार
लखनऊ: नगर निगम लखनऊ के जलकल विभाग में वर्षों तक अपनी सेवाएं देने वाले नौ कर्मठ कर्मचारियों को 31 जुलाई को सेवानिवृत्त होने के उपरांत सोमवार को जलकल मुख्यालय में एक गरिमापूर्ण समारोह में सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। समारोह में महापौर सुषमा खर्कवाल ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को स्मृति चिन्ह और अंगवस्त्र भेंटकर उनके योगदान के प्रति संस्थान की ओर से आभार प्रकट किया।सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों में बिल वितरक रीता वर्मा, पंप ऑपरेटर राज कुमार, गिरीश चंद्र श्रीवास्तव, युगुल किशोर मिश्रा, योगेन्द्र नाथ राय, बसंत लाल, बिल्डर राजेन्द्र सिंह, तथा गैंगमैन राम प्रकाश सिंह और छोटे लाल शामिल हैं। ये सभी कर्मचारी नगर निगम के विभिन्न ज़ोन में जल आपूर्ति एवं जल प्रबंधन की निर्बाध व्यवस्था में दशकों तक अपनी भूमिका निभाते रहे।महापौर सुषमा खर्कवाल ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि ये सभी कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम के विकास और जनसेवा में इनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। आने वाली पीढ़ियों को इनका कार्यशैली और सेवा भाव प्रेरणा प्रदान करता रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों का मान-सम्मान बनाए रखना नगर निगम की प्राथमिकता है।कार्यक्रम में स्थानीय पार्षद संदीप शर्मा, अपर नगर आयुक्त ललित कुमार, जीएम जलकल कुलदीप सिंह, वित्त अधिकारी धर्मेंद्र सिंह, लेखा अधिकारी पंकज सोती, अधिशासी अभियंता सचिन कुमार यादव समेत जलकल विभाग के सभी अभियंता और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने रिटायर हो रहे साथियों को शुभकामनाएं दीं और उनके साथ बिताए वर्षों को यादगार बताया।विभागीय अधिकारियों ने भी अपने विचार साझा करते हुए सेवानिवृत्त कर्मचारियों के योगदान की सराहना की। कार्यक्रम का समापन स्नेह भोज के साथ हुआ, जिसमें अधिकारियों और कर्मचारियों ने परस्पर पारिवारिक भाव से सहभागिता की।यह विदाई समारोह केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं था, बल्कि दशकों की सेवा के बाद कर्मचारियों के समर्पण को सम्मान देने वाला एक भावनात्मक क्षण भी बन गया, जिसने सभी उपस्थितों को गहराई से छू लिया।
