
लखनऊ पीजीआई क्षेत्र में पारिवारिक विवाद ने भड़का हिंसक झगड़ा, फायरिंग के मामले में संजय यादव गिरफ्तार
लखनऊ पीजीआई क्षेत्र में पारिवारिक विवाद ने भड़का हिंसक झगड़ा, फायरिंग के मामले में संजय यादव गिरफ्तार
लखनऊ: थाना पीजीआई क्षेत्र के ग्राम रेवतापुर में पारिवारिक विवाद ने हिंसक झगड़े का रूप ले लिया, जिसमें मारपीट और फायरिंग की घटना हुई। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के दक्षिणी जोन के वरिष्ठ अधिकारियों के कुशल निर्देशन में कार्रवाई करते हुए एक वांछित अभियुक्त संजय यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। अन्य वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें सक्रिय हैं।जानकारी के अनुसार, 20 अक्टूबर 2025 को ग्राम रेवतापुर में पुराने रंजिश को लेकर दो पक्षों में विवाद उत्पन्न हुआ। प्रथम पक्ष के अजय यादव ने बताया कि वह अपने घर पर खड़ा था, तभी अनुज यादव गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर अनुज यादव ने रॉड से हमला किया। इसके बाद दूसरे पक्ष के सदस्य छत पर चढ़कर ईंट-पत्थर से हमला करने लगे, जिससे अजय यादव के परिवार के आठ लोग गंभीर रूप से घायल हुए। घायल परिवारजन का इलाज एपेक्स ट्रामा सेंटर पीजीआई लखनऊ में चल रहा है।वहीं, दूसरे पक्ष के विवेक यादव ने अपनी शिकायत में बताया कि उनके घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ की गई और कपिल यादव ने अपने पिता की लाइसेंसी रायफल से उनके भाई सोनू यादव को गोली मार दी। घायल का इलाज भी ट्रामा सेंटर में चल रहा है। दोनों पक्षों की तहरीरों के आधार पर थाना पीजीआई में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमे पंजीकृत किए गए।पुलिस ने उच्च अधिकारियों के निर्देशन में संजय यादव को एपेक्स ट्रामा सेंटर गेट नंबर 2 से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी में उप निरीक्षक परमानन्द सिंह और कांस्टेबल प्रभाकर राज की पुलिस टीम ने प्रमुख भूमिका निभाई।गिरफ्तार अभियुक्त संजय यादव, पुत्र किसन यादव, उम्र 40 वर्ष, निवासी रेवतापुर थाना पीजीआई लखनऊ, का आपराधिक इतिहास भी रहा है। इसके तहत पहले से 567/23 और 66/2025 नंबर के मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि अन्य वांछित अभियुक्तों प्रीती यादव, ज्योति यादव और वर्षा यादव की गिरफ्तारी के लिए टीमों को लगाया गया है और शीघ्र ही सभी को गिरफ्तार कर न्यायिक कार्रवाई के लिए पेश किया जाएगा।