
भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका पहला वनडे: कोहली का शतक और भारत का 350 रनों का विशाल स्कोर
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम कॉम्प्लेक्स में खेला जा रहा है। इस मैच में भारतीय टीम की कमान केएल राहुल संभाल रहे हैं। टॉस जीतकर दक्षिण अफ्रीका ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया, जिसके बाद भारत ने मजबूत बल्लेबाजी करते हुए 350 रनों का विशाल लक्ष्य खड़ा कर दिया।
भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और चौथे ओवर में यशस्वी जायसवाल 18 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद रोहित शर्मा और विराट कोहली ने तेज़ रन बनाए और 136 रनों की शानदार शतकीय साझेदारी की। विराट कोहली ने 39 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया, जबकि रोहित शर्मा ने 43 गेंदों में फिफ्टी बनाई।
रोहित शर्मा ने 51 गेंदों में 57 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और 3 छक्के शामिल थे। इसी दौरान उन्होंने शाहिद अफरीदी को पीछे छोड़ते हुए वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया। भारत को दूसरा झटका 22वें ओवर में लगा जब रोहित आउट हुए। ऋतुराज गायकवाड़ (8 रन) और वाशिंगटन सुंदर (13 रन) जल्दी आउट हो गए।
विराट कोहली ने आज करिश्माई बल्लेबाजी करते हुए 102 गेंदों में शतक पूरा किया और 120 गेंदों में 135 रन की धुआंधार पारी खेली। उनकी पारी में 11 चौके और 7 छक्के शामिल थे। उन्हें नांद्रे बर्गर ने आउट किया। कोहली के बाद कप्तान केएल राहुल ने भी जिम्मेदारी निभाते हुए 60 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली, जिससे भारत 350 के बड़े स्कोर तक पहुंच सका।
टेस्ट सीरीज में 0-2 से हार झेलने के बाद टीम इंडिया इस वनडे सीरीज में दमदार वापसी के मूड में दिख रही है। अब देखने वाली बात यह होगी कि क्या दक्षिण अफ्रीका इस बड़े लक्ष्य का पीछा कर पाएगा या भारतीय गेंदबाज मैच में अपना दबदबा बनाए रखेंगे।
