
इन्दिरानगर पुलिस ने दो शातिर चोरों को किया गिरफ्तार, चोरी का माल और ऑटो बरामद
लखनऊ: पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के जोन-पूर्वी में सर्विलांस टीम/क्राइम टीम पूर्वी व थाना इन्दिरानगर की संयुक्त कार्रवाई में बंद घरों की रैकी कर नकबजनी करने वाले दो शातिर चोर गिरफ्तार किए गए। उनके कब्जे से भारी मात्रा में चोरी का सामान, नकदी तथा घटना में प्रयुक्त ऑटो बरामद किया गया।थाना इन्दिरानगर में 7 जुलाई को कृष्णा बाबू सराफ और 18 अगस्त को अंकुर मिश्रा द्वारा घर का ताला तोड़कर चांदी के सिंहासन, बर्तन, सिक्के, नगदी और आभूषण चोरी करने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। दोनों मामलों की विवेचना उपनिरीक्षक आशीष कुमार पाण्डेय को सौंपी गई।20 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने पिकनिक स्पॉट रोड स्थित खुर्रमनगर मार्ग के पास से अभियुक्त रविन्द्र सिंह (निवासी बाराबंकी, हाल लवकुश नगर, गाजीपुर, लखनऊ, ऑटो चालक) और राजू कश्यप (निवासी लखीमपुर खीरी, हाल विभूतिखण्ड, लखनऊ, लेबर का कार्य) को गिरफ्तार किया। दोनों अभियुक्त दिन में बंद मकानों की रेकी कर रात में चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।गिरफ्तारी के दौरान बरामद सामान में सोने-चांदी के जेवरात, बिछिया, पायल, अंगूठी, हार, मांग टीका, सिक्के, नकद 2870 रुपये, एक स्कूल बैग और नकबजनी में प्रयुक्त औजार (छैनी, सणसी, पिलास, सरिया) तथा ऑटो संख्या UP32EN5363 शामिल हैं।गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में सर्विलांस टीम पूर्वी के प्रभारी उपनिरीक्षक अमरनाथ चौरसिया व उनकी टीम तथा थाना इन्दिरानगर के प्रभारी निरीक्षक व अन्य अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध इन्दिरानगर थाने में दर्ज मुकदमों के अलावा अन्य जनपदों से भी उनके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
