
कृषि मेले की प्रदर्शनी में आकर्षण का केंद्र बने विभागों के स्टाल, किसानों को दी गई कई योजनाओं की जानकारी
अमेठी :
अमेठी : जिले के मुसाफिरखाना विकासखंड परिसर में बुधवार को किसान कल्याण मिशन के तहत कृषि मेले गोष्ठी एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस आयोजन में क्षेत्र के काफी संख्या में किसान मौजूद रहे। कृषि विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में किसान कल्याण मिशन के अंतर्गत किसान मेला गोष्ठी एवं प्रदर्शनी आयोजित हुई। इस मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्यमंत्री सुरेश पासी ने दीप प्रज्वलित और फीता काटकर कर किया।
किसान कल्याण मिशन का उद्देश्य किसानों को जागरुक कर इन गतिविधियों के माध्यम से किसान कल्याण के साथ किसानो की आमदनी दोगुना करने को लेकर है। इस अभियान में स्थानीय स्तर पर लघु, सूक्ष्म एवं मध्यम उद्यामिता इकाईयों के साथ साथ ग्राम्य विकास के आजीविका मिशन के अन्तर्गत गठित स्वयं सहायता समूहों के द्वारा उत्पादित प्रमुख उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगायी गई। जिसमें अलग-अलग तरह की कृषि तकनीक का प्रदर्शन कर किसानों को जागरुक किया गया। मेले में कृषि विशेषज्ञों ने खेती की उन्नत फसल के गुर बताये। किसानों को कृषि तकनीक, किसान क्रेडिट कार्ड, बैंकिंग समेत कई अन्य जानकारी भी दी गई और कृषि विज्ञान केंद्र, वन विभाग समेत कई अन्य विभागों ने स्टाल लगाकर किसानों को डेमो दिया गया। इस दौरान किसानों को प्रमाण पत्र देकर प्रोत्साहित भी किया गया।
बता दें कि बाल विकास, मनरेगा, पंचायत और समाज कल्याण की ओर से लगाए गए स्टाल आकर्षक रहे और कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे राज्यमंत्री सुरेश पासी ने कहा कि सरकार द्वारा किसानों के लाभ के लिए विभिन्न लाभकारी योजनाए शुरू की गई है। सरकार किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। किसानों को आज बिचौलियों और साहूकारों के चुंगल से छुटकारा मिल चुका है। इस मौके पर जिला उद्यान अधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी मुसाफिरखाना, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि दिनेश सिंह समेत कई विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।