
बहराइच : सशस्त्र सीमा बल नानपारा में भारतीय पुलिस सेवा, अपर महानिदेशक बल मुख्यालय सशस्त्र सीमा बल नई दिल्ली बी. राधिका ने वाहिनी मुख्यालय के साथ भारत-नेपाल सीमा पर स्थित 59वीं वाहिनी की सीमा चौकी मुर्तिहा व 42वी वाहिनी की सीमा चौकी रुपैडिहा का निरीक्षण किया | साथ में सौरभ त्रिपाठी, भारतीय पुलिस सेवा, महानिरीक्षक,सीमांत मुख्यालय , सशस्त्र सीमा बल, लखनऊ, प्रवीण कुमार, कमांडेंट 42वी वाहिनी एवं शैलेष कुमार, कार्यवाहक कमांडेंट 59वीं वाहिनी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान अपर महानिदेशक ने 42वीं व 59वीं वाहिनी के जवानों के साथ सैनिक सम्मलेन किया। उन्होंने दोनों वाहिनी के सभी कार्मिकों एवं उनके परिवारजनों को नव-वर्ष की बधाई व शुभकामानाएं दी। कार्मिकों को सत्यनिष्ठा व ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वाहन करने के लिए दिशा-निर्देश भी दिये।
साथ ही साइबर सुरक्षा व अन्य तरह की ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने हेतु जवानों को सतर्क किया एवं सभी कार्मिकों को उच्च मनोबल व उत्साह के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करने हेतु प्रोत्साहित किया। उन्होंने उपस्थित सभी कार्मिकों को कोविड 19 से बचाव हेतु दिए गए निर्देशो का पालन करने हेतु निर्देश भी दिए। उन्होंने सैनिक सम्मलेन के उपरांत वाहिनी मुख्यालय में वृक्षारोपण भी किया।